सोमवार, जून 05, 2023

🏆 बरसात का आगमन 🏆









बरसात की आहट आ गई 

चमकती बिजली

और कड़कते मेघ 

तैयार हो रहे हैं 

अपनी मौजूदगी के लिए 

हर बार, हर साल 

यही तो करते हैं ये

हर बार विछोह के बाद 

मिलन के आनंद का

उत्सव मनाते हुए 

हरित कर देते हैं घर आंगन 


विरह के तपते लाल अगन को 

अपनी बूंदों से तृप्त करते हुए 

उल्लासित कर देते हैं तन-मन 

युगल के आकर्षण का

केंद्र बिंदु होते हैं मेघ 

धरा गगन के संयोग में

मध्यस्थ होते हैं मेघ 

दूरियों को नजदीकियों में 

बांधने की कला है तुझमें मेघ 


फिर, क्यूं चला जाता है 

सब कुछ अधूरा छोड़ कर 

खनकती चूड़ियों को

तड़प दे जाता है 

अपनी इकट्ठी और 

बरसती बूंदों को 

आंखों में छोड़ जाता है। 

असमय न जाया कर मेघ। 


✍️ अमिता अनुत्तरा ( जोधपुर, राजस्थान )

रविवार, जून 04, 2023

⛲ स्वयं सिद्धा माँ ⛲

माँ होना अपने आप में गौरवपूर्ण है पर साथ ही बहुत ही जिम्मेदारी और चुनौतियों से पूर्ण भी है। पारंपरिक रूप से स्त्री व पुरुष की भूमिका विभाजित थी। वर्तमान में यह विभाजन रेखा विलीन हो गई है। आज की नारी सशक्त, जागृत, शिक्षित एवं स्वयं सिद्धा है। संस्कृति की नींव डालने का दायित्व उसी पर है। गर्भ संस्कार ही बालक के भविष्य का दिशा निर्देशन करता है। समय तेजी से बदल रहा है और साथ ही जीवन शैली। प्रौद्योगिक संतृप्त वातावरण, आधुनिकरण और वैश्वीकरण में बच्चे को बड़ा करना और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। एकल परिवार में नैतिक मूल्यों का ह्रास हो रहा है। ऐसे समय एक माँ की जिम्मेदारी दोगुनी हो गई है। परंतु माँ के संकल्प के आगे हर चुनौती छोटी पड़ जाती है। 21वीं सदी में कामकाजी माँ के लिए मातृत्व और कैरियर के बीच संतुलन बनाना एक बड़ी चुनौती है। इनमें समय का अभाव सबसे बड़ी चुनौती है। बच्चों को समय ना दे पाने के कारण वे मानसिक संत्रास से गुजरती हैं। आत्मनिर्भरता का रास्ता भी अपने परिवार को सुदृढ़ बनाने के लिए चुनती हैं परंतु दुर्भाग्यवश अनवरत कार्य करके भी उन्हें निष्ठुरता का सामना करना पड़ता है। उन्हें कैरियर उन्मुख, गैर जिम्मेदार तथा बच्चों के व्यवहार संबंधी समस्याओं के लिए भी जिम्मेदार ठहराया जाता है जबकि देखा गया है कि कामकाजी महिला के बच्चे आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वास से पूर्ण होते हैं। नमन है उन माताओं को जो अद्भुत कौशल के साथ दोनों भूमिकाएँ निभा रही हैं और ‘स्वयं सिद्धा माँ’ को शब्दशः‌ चरितार्थ कर रही हैं। 

✍️ कविता कोठारी ( कोलकाता, पश्चिम बंगाल )

शनिवार, जून 03, 2023

🏆 प्रेम 🏆









प्रेम,

        स्नेह, समर्पण, सत्य,

        त्याग और विश्वास है,

        साहस, धैर्य, हृदय पटल पर,

        अंकित इक छाप है।

प्रेम,

        वही जिससे रचित, 

        यह अद्भुत संसार है,

        जहां विराजित वहां,

        ईर्ष्या का नही वास है।

प्रेम,

        विरह है, प्रेम वेदना, 

        मन की पवित्रता,

        स्पर्श की भाषा का आधार है।

प्रेम,

       भक्ति की सच्ची भावना,

        ईश्वर प्राप्ति का यही मार्ग है।

प्रेम,

        सरल है, प्रेम अनंत है,

        बंधन मुक्त करे सदा ही,

        ऐसा स्वर्णिम तार है।। 


✍️ प्रतिभा सागर ( शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश )

⛲ गागर में सागर ⛲









कहाँ-कहाँ बिखरे पड़े हो तुम

कहाँ-कहाँ से समेटू तुम्हें

तकिये की लिहाफ धो लूँ

या सिलवटों पर यूँ ही सो लूँ

स्याह रातों से बातें करूँ

या चाँद संग बैठ रो लूँ

बोलो ना...

कहाँ-कहाँ बिखरे पड़े हो तुम ।


आईना भी अक्स 

तुम्हारा ही दिखाता है

कभी परदे की ओट से 

चेहरा तुम्हारा निकल आता है

आँखों मे फिर कोई

ख़्वाब मचल जाता है

नाम तुम्हारा जब

किसी के होंठो पर आता है

कितना कैसे तुम्हें समेटू मैं।


वो सिक्के अब क्यों हैं खनकते

देते तो थे तुम अक्सर गिनके

घरोंदें हमने भी बनाये थे

तिनके-तिनके चुनकर

अब क्या तिनको में खोजूं तुम्हें

कितने बिखरे पड़े हो तुम।


होली के वो रंग जो बच जाते थे

अक्सर मुझे रंगने के बाद

अब की पूछें हैं मुझसे 

जाने कितने सवाल

कि कैसे रंगों में बटोरूं तुम्हें

जाने कितने बिखरे पड़े हो तुम।


ये जो तुमको समेट कर

खुद‌ में इकठ्ठा कर लिया मैंने

जाने कैसे गागर में सागर

भर लिया मैंने।।


✍️ सीमा मोटवानी ( अयोध्या, उत्तर प्रदेश )

शुक्रवार, जून 02, 2023

🏆 पर्यावरण 🏆









समग्र सृष्टि को,

पर्यावरण करता निर्धारित।

जीवन को करता पर्यावरण

व्यापक रूप से प्रभावित।

पर्यावरण संतुलन तब तक रहता,

जब तक सभी तत्व,

निश्चित अनुपात में होते विद्यमान। 


एक भी तत्व की हेराफेरी से होता, 

समावेश पर्यावरण में विषैले तत्वों का।

तब बनता जीवन के लिए घातक पर्यावरण,

जिसे दी जाती संज्ञा प्रदूषण की।

 

पर्यावरण को है बचाना तो,

ऊर्जा-जल का संचय करें। 

साफ आकाश, हरी-भरी धरती,

स्वच्छ नदियों की इच्छा ही,

करती पर्यावरण की रक्षा।


जब से मानव ने,

प्रकृति का दामन छोड़।

विज्ञान का दामन थामा।

तभी से पर्यावरण,

हुआ प्रदूषित हमारा।

प्रदूषण का हुआ पदार्पण,

रोगों को मिला निमंत्रण।

औद्योगीकरण की दौड़ में,

वृक्षों से हुआ खिलवाड़।


वृक्ष काटे मानव ने,

वन-बाग को उजाड़ा।

प्रकृति के प्रति कर अनुदार भाव,

पर्यावरण से छेड़छाड़ किया।

जिससे पनपा जल, मिट्टी,

ध्वनि और वायु प्रदूषण। 


जो मानव जीवन पर

करता घातक प्रहार। 

सोच समझकर किया गया,

प्रयोग विज्ञान का।

वरदान बनकर आया सामने। 

बिना सोचे समझे किया उपयोग,

तो किया पर्यावरण को प्रदूषित इसने।


अगर बचाना है सृष्टि को तो,

वृक्षारोपण का अभियान चलाओ।

वृक्ष धरा का श्रृंगार है, 

इनकी रक्षा करना है धर्म हमारा।

यदि शुद्ध होगा पर्यावरण,

और जागरूक होगा हर इंसान।

तो भय दूर होगा रोगों का,

सुरक्षित होगा हमारा जीवन।।


✍️ पूनम लता ( धनबाद, झारखंड )

गुरुवार, जून 01, 2023

🏆 सुंदरता की परिभाषा 🏆









सुंदरता की परिभाषा 

चंद्रमुख, मीन से नयन

हमने रचे हैं ये प्रतिमान।

कंटक संग सोहते कुसुम-पल्लव।

वसंत-शिशिर से ही प्राकृतिक सौष्ठव।

जड़-चेतन सभी के निज गुण, धर्म सौंदर्य।

विविधता से ही यह जीवन, प्रकृति सुंदर। 


सौंदर्य जो होता वस्तुनिष्ठ,

संयोग-वियोग में, प्रकृति लगती सम।

पवन, जल, चंद्र, चंदन शीतल

विरह वेदना में न लगते दाहक।

सुरभित फूल ना चुभाते शूल।

मृदुल तरंगें न करती तांडव।


सौंदर्य मात्र दृश्य में नही,

दृष्टा के व्यक्तिगत दृष्टिकोण में है।

अद्भुत,अनगिनत सुरभि में है।

पक्षियों के मधुर कलरव में है। 

एक पवित्र अनुभूति है सौंदर्य 

नेत्रहीन भी जिनका कर पाते अनुभव।


बाह्य सौंदर्य होता भ्रामक।

मृग मरीचिका सदृश्य आकर्षक।

सुंदर सोच, बोल और व्यवहार ही 

बनाते हमें पुनीत-अनुपम।

वास्तविक सौंदर्य है प्राण तत्व।

सत्य, शिव और सुंदर।


✍️ कविता कोठारी ( कोलकाता, पश्चिम बंगाल )

🙍 ज़मीं पर जन्नत है माँ 🙍









लबों पर ना आए बददुआ कभी 

लड़ें जितना भी ना हो खफा कभी 

हर गलती को माफ कर देती है 

अपने आँचल की छांव से ना जुदा करे कभी।


खुद को खोकर सब में रम जाए कभी

धरती, अंबर, आग, हवा, जल जैसे बन जाए कभी

हर आस, हर उम्मीद का आगाज़ बनकर 

जीवन के पलों का मधुर राग समझाए कभी।


तपन मायूसी द्वार ना खटखटाए कभी 

करती है दुआ ना तम छाए कभी

रखती है हर ओर सुगंध आरती भरी

कोई बला बच्चों के पास ना आए कभी।

  

ज़मीं पर जन्नत है बस यही

माँ की ममता में बसता है खुदा भी 

नतमस्तक है शीश तेरे हर रूप पर माँ

सुकून मिलता है तेरे आँचल में ही। 

सुकून मिलता है तेरे आँचल में ही।। 


✍️ हरमिंदर कौर ( जालंधर, पंजाब )

👩‍🏫🙍‍♀️👩‍💼 स्त्री की स्वयं से पहचान 👩‍💼🙍‍♀️👩‍🏫

जब एक स्त्री स्वयं को पहचानती हो, तो “उस स्त्री को मजबूत बनाने के लिए उसे दुनिया से लड़ना नहीं सिखाना चाहिए, बल्कि उसे स्वयं पर विश्वास करना...