कभी पेड़ों की छाँव में,
सुकून से बैठा करता था इंसान,
आज उन्हीं पेड़ों को काटकर,
खोज रहा है अपनी पहचान।
नदियों ने अमृत बाँटा,
पहाड़ों ने धैर्य सिखाया,
धरती ने आँचल फैलाकर,
हर जीव को गले लगाया।
बदले में हमने क्या दिया ?
कुछ ज़ख्म, कुछ वीरानियाँ,
धुएँ में घुटती साँसें दीं,
और छीन लीं हरियालियाँ।
अब पंछियों के गीत नहीं,
शोर शहरों का सुनाई देता है,
बारिश की बूँदों में भी अब,
डर का मौसम दिखाई देता है।
प्रकृति कभी बदला नही लेती,
बस अपना संतुलन खो देती है,
जब सहनशक्ति की सीमा टूटे,
तो अपनी भाषा में रो देती है।
अभी भी वक्त है, लौट चलें,
उस मिट्टी के विश्वास की ओर,
एक पौधा ही सही, लगा दें,
आने वाली हर साँस की ओर।
न धन माँगती, न महल माँगती,
बस थोड़ा-सा सम्मान माँगती है,
जिस धरती ने जीवन दिया,
वही धरती जीवनदान माँगती है।
आओ ! रिश्ता जोड़ें प्रकृति से,
इस मिट्टी से, पेड़ों से, नदियों से,
प्रकृति बचेगी तो मानव बचेगा,
प्रकृति प्रेमियों की पुकार यह सदियों से।
✍️ मोनिका लक्ष्मण वलकुंदे ( पुणे, महाराष्ट्र )

खूप सुंदर प्रकृती से रिश्ता ❤️
जवाब देंहटाएं