गुरुवार, अगस्त 12, 2021

🌺 बैरन तीज 🌺

लो आ गई देखो फिर, कुछ याद दिलाती शाम,
तीज का ही दिन था वो, महकाती सी शाम।

उस रोज उर मेरा उमंग से भरा, हिय हर्षित हो रहा था,
बार बार प्रियतम को, व्याकुल जिया ढूंढ रहा था।

माथे बिंदीया नाक नथनीया, मै गजरा चोटी लटकाई थी, 
खनकती हरी चूड़ियों से मैने, भरी लहराती कलाई थी।

मुखड़ा निहार दर्पण में, खुद में ही मैं लजायी थी,
नैनों में सपनों को भरकर, काजल लकीर बनाई थी।

शाम हुई कब निशा चली, देहरी मै बैठी थी,
बाट जोहते प्रियवर तुम्हारी, मै कुम्हलाई थक गई थी।

अनहोनी की बातें गुन, उर मेरा धड़क रहा था,
कब आओगे सोच-सोच, मन भी बैठ रहा था।

ख़बर मिली मुझे मध्यरात्रि, तू ना अब आयेगा,
थाम सौतन का हाथ, तू दूजा घर बसायेगा।

तीज का तेरा तोहफा था या, किस्मत का था खेल,
ऐसे तूने तोड़ा मुझको, ज्यूं सूखी कोई बेल।

रोम रोम से नीर बहे मेरे, मन को ना विश्राम,
लो आ गई देखो फिर, कुछ याद दिलाती तीज की शाम।।

                          ✍️  पदमा दीवान 'अर्चना' ( रायपुर, छत्तीसगढ़ )

🌺 हरियाली तीज 🌺

     सावन की हरियाली छायी
   हर दिल में मधुर उमंग भर आई  
      झूले लगे पेड़ों में चहुँ ओर
     दृश्य देख यह मन हुआ विभोर

      सावन में शिव महिमा गायें
   गौरा संग शिव को अर्घ्य चढ़ाएं
      सावन की महिमा है न्यारी
  गौरा-शिव की पूजन करें नर-नारी

 गौरा शिव की पूजन का दिन है आज
   ललना संग जुटा है सकल समाज
     जगमग करते हरे हरे परिधान
   कर में शोभित पूजा का सरंजाम

 पहली जिसकी पूजा है सावन पूजा
 उस ललना का हाल न जाने दूजा
   मुख पर लज्जा की लाली है
 आँखों में छायी सावन की हरियाली है

कर सोलह श्रृंगार धारण किए लाल परिधान
14 दिन की पूजा का आज करेगी वह निस्तार
14 दिन की पूजा का लिया कठिन व्रत ललना ने
साथ दिया है सखियों सँग सकल परिवार

हरियाली तीज की महिमा है अपरम्पार
गौरा शिव की पूजा कर पाया सुहाग का वरदान
गौरा-शिव की सात पुत्री विषहरा माई
उनका भी पूजन करता है सकल जहान

आओ माई करें तुम्हारा हम सोलह श्रृंगार
दे अशीष सुरक्षित रखना माँ मेरा परिवार
14 दिन की कठिन तपस्या कर किये विधि सम्मत सभी सँस्कार
हे विसहरा माई आकर करें भक्तों का सदा कल्याण

भरा रहे सुख संपदा से भक्तों का घर माते
आपसे है कर जोड़ विनती रक्षा करें भक्तों की
दें सुख सौभाग्य संतति भरा रहे घर भक्तों की
खुशियाँ श्रद्धा प्रेम से आशीष माँगे माँ आपसे।

[ विशेष - मिथिलाञ्चल में हरियाली की पूजा विशेष रूप से की जाती है l यह पूजा सावन कृष्ण पक्ष पञ्चमी से प्रारम्भ होकर सावन शुक्ल पक्ष तृतीया तक की जाती है समापन का दिन हरियाली तीज के रूप में मनाया जाता है l इसमें पार्वती शिव के साथ पार्वती-शिव की पुत्री देवी विषहरा की पूजा की जाती है, इसी का वर्णन कविता में है ]
                               ✍️  निर्मला कर्ण ( राँची, झारखण्ड )



 

बुधवार, अगस्त 11, 2021

🌺 सजना 🌺

मखमल-सी हरियाली, बलखाती पवन पुरवइया,
झूला झूलन सज धज चली, इठलाती सारी सखियां,
झूमे,नाचे पंख फैलाये,  जैसे नाचे अलमस्त मोर, 
गीत प्रेम के गुनगुनाए भंवरे,महके फूल औ कलियाँ।। 
रिमझिम रिमझिम बरसी बूंदे मधुर मधुर सरगम
बिजुरिया चमके चमचम, आयी बरखा रुमझुम,
लहराये महकती बहार, मासूम करे अठखेलियां,
खनके खनखन कंगना, पायली छमछम छननन।। 
 
पिहु,पिहु बोले रे मनवा,सुनी दिल की गलियां,
साजन की यादों में खोयी, सुनी सुनी अँखियाँ
प्रियतम की बांट जोहूं,व्याकुल मैं विरहिणी
नैन कजरारे,नीर बरसे, हुई बावरी सजनिया।। 

तरसे,बरसे सावन-से, छलकत नयना नीर,
सावन तीज पिया, आया मनभावन त्यौहार,
कर सोलह श्रृंगार निरखु निज रूप दर्पण,
छवि साजन की मुस्कुराती,लागे आये धीर। 

तारों-सी जगमग चमके, दमके हमारी बिंदिया,
कंचन काया,महकता यौवन,आवे न निंदिया,  
विरह अगन से मैँ मुरझाती, तरसे मोरा मनवा, 
न भाये सावन की अलबेली अलमस्त पुरवाइयाँ।। 

प्रीतम प्यारे और न सताओ,आ जाओ,
सावन के झूले झुलाने प्रियतम आ जाओ,
तीज त्योहार कैसे मनाऊं,रात दिन जोऊं बाट,
प्रीत गीत गुनगुनाऊँ,प्रियतम, अब ना तरसाओ।।  
   
राधा बाबरी, मैं प्रेम दीवानी, रांझा की हीर,
प्रिय साजन मेरे रोक न पाऊं नयनों का नीर,
मीठी मीठी बातें प्यारी सुनावे नित सखियां,
विरह अगन मुरझाऊं,जाने न प्रिय दिल की पीर।।  

खिली खिली धरा इतराये ओढ़ धानी चुनरियां,
तन मन प्रीत समर्पित मेरा,पहनूं हरी हरी चूड़ियां  
मैं भी प्रीतम प्रेमरंग रंग दूँ सुहाग बिंदी,चुंदड़ी,
प्रीत सावन जीवन में लाएगा खुशियां ही खुशियां।।   
                              ✍️चंचल जैन ( मुंबई, महाराष्ट्र )

🌺 तीज का त्यौहार 🌺

हमारे देश में अनेकों त्योहार बड़ी धूम-धाम से मनाए जाते है। सभी त्यौहारों का एक धार्मिक महत्व है, कुछ मान्यताएं हैं। कुछ परम्पराओं का निर्वाह करती हुए हम उन त्यौहारों को पूरी निष्ठा एवं धार्मिक भावनाओं से प्रेरित होकर बेहद उत्साह एवं उमंग के साथ मनाते हैं। जिनमें "तीज" भारतीय विवाहित महिलाओं के लिए किया जाने वाला सबसे श्रेष्ठ त्यौहार है। धार्मिक पुस्तकों में यह वर्णित है कि सबसे पहले यह व्रत माता पार्वती ने किया था शिव जी को पति रूप में प्राप्त करने के लिए। "तीज" यह त्यौहार मुख्यतया बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में मनाया जाता है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में मनाएं जाने वाला "तीज" "हरियाली तीज" के नाम से सावन के दूसरे पखवाड़े में तीज तिथि को मनाया जाता है। महिलाएं सोलह श्रृंगार करके ढेरों फल, फूल, मेवा-मिष्ठान लेकर भगवान शिव और पार्वती की पूजा अर्चना करती हैं और अपने पति की लम्बी आयु की दुआ मांगती हैं। एक दिन का उपवास करती है और दूसरे दिन पुनः शिव और पार्वती की पूजा करके विसर्जन करती हैं। पति को तिलक लगाकर प्रसाद देती हैं फिर चरण छूकर अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद लेती हैं। ब्राह्मण को दान दक्षिणा देने के उपरांत पारणा ( भोजन ) करती हैं।
             बिहार में भादों के तृतीया तिथि को "हरितालिका तीज" के नाम से "तीज" का त्यौहार मनाया जाता है। सारे रस्म-रिवाज, विधि-विधान एक जैसा ही होता है। भादो के महीने वाला हरितालिका तीज का व्रत रखती हूँ। एक दिन का निर्जला व्रत रखकर मिट्टी या हल्दी पीसकर महादेव बनाया जाता है। और भांग, धतूरे, बेलपत्र, फूल, फल धूप-दीप से पूजा किया जाता है। बांस के डलिया में पांच तरह का फल, चावल और सांवा का सत्तू , पूरी, खजूर और गुझिया बनाकर भोग लगाया जाता है। अखंड ज्योत जलाकर पूरे चौबीस घंटे तक जागरण भजन कीर्तन करने का विधान है। 
                     इस व्रत की एक पौराणिक और धार्मिक कहानी यह है। कि पार्वती जी जब किशोरी थी तभी उनको शिव जी से प्रेम हो गया था। पार्वती जी के पिता हिमालय जी एक राजा थे उनके पास पार्वती जी के लिए बहुत अच्छे-अच्छे रिश्ते आ रहे थे जिसमें विष्णु जी का रिश्ता लेकर जब नारदजी आए तो हिमालय जी अत्यधिक प्रसन्न हुए और पार्वती जी से विवाह करने का वचन भी दे दिया। जब इस बात की जानकारी पार्वती जी को मिली तब वह बहुत दुःखी हुई और अन्न जल त्याग दिया। उन्होंने कहा कि मन ही मन उन्होंने शिव जी को पति रूप में स्वीकार लिया है और इसलिए विष्णु जी से विवाह नहीं कर सकती है। अपनी एक सखी के साथ वन को चली गई और दोनों सहेलियां वन-वन भटकती रहीं। एक दिन एक साधु वहां आए और उन्होंने बताया की तृतीया तिथि को शिव जी का पार्थिव बना कर पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती है। यह सुनकर पार्वती जी ने नदी किनारे जाकर बालू से पार्थिव बनाकर पूजा अर्चना की और उस पार्थिव को उसी नदी में विसर्जित कर दिया। उधर उनके पिता उनके वियोग में दुर्बल हो चुके थे और ढूंढते-ढूंढते जंगल में पहुंच गए और बेटी पार्वती को गले से लगा लिया और वचन दिया की उनका विवाह शिव जी से ही विवाह होगा। इस तरह पार्वती जी की मनोकामना पूरी हुई उन्हें उनके पसंदीदा पति सात जन्मों के लिए प्राप्त हुए। इसी बात पर यकीन रखते हुए हम महिलाएं शिव जी की पूजा करते हैं और अपने-अपने पतियों की लम्बी आयु और जन्म जन्मांतर तक का साथ पाने की कामना करते हैं।
                                  
                                            ✍️ सरिता कुमार ( फरीदाबाद, हरियाणा )

🌺 तीज का उत्सव 🌺

तीज के त्यौहार का ,
नारी के श्रृंगार का,
मौसम हैं पिया से प्यार का।
सोलह सिंगार करूँ,
सावन के गीत गाऊं,
ऋतु पावस बहार का।
हथेली पे मेहंदी,
हाथों में चूड़ियाँ,
माथे पे बिंदिया,
मांग में सिंदूर हैं सजा।
कंगना भी खनके,
पायल की छमछम,
होठो की लाली,
गज़रे का जोड़ा।
हरे रंग का लहंगा,
पहन के नाचूँ,
दिन आया गौरा पूजन का।
चुनरी ओढ़ के चली,
सखियों संग नयनों में भरके,
खुशियों के रंग
रलमिल सखियाँ सावन गाये,
उमंगों की दिल में भर गई हैं तरंग।
झूला झूलूँ प्रियतम के नाम का…..

                ✍️ संगीता सिंघल विभु ( पीलीभीत, उत्तर प्रदेश )

🌺 अरुणिमा 🌺

हरियाली अमावस की कोख से निकली कुंकुम वर्णी अरुणिमा!
टुकुर टुकुर निहारे त्रिनेत्र, शिव के कदमों तले हरितिमा!
हाथ में त्रिशूल, डमरू, मस्तक से बह रही जलधारा!
भाल पर भस्म, जटाओं पर सजा हरियाली तीज का चंद्रमा!
अखंड सौभाग्यवती पार्वती, भावे करे शिव की आराधना!
कुंवारियां करे मनवांछित वर के लिए भक्ति, पूजा-अर्चना!
हरियाली तीज ने बदली, मनचले मौसम की भाव-भंगिमा!
बहने लगी मदमस्त पवन, डोलने लगी सुनहरी बालियां, 
हरी-भरी धरती, हरियाली चुनर, लहराती बेल-पत्तियां!
परिंदों ने फैलाएं पंख, भरी उड़ान, नांपी ऊंचाइयां!
सावन के महीने में तीज-त्योहारों की भरमार, ज़श्न की मस्तियां!
सज-धज, कर शृंगार, घर-घर नारियां करे सिंघारे की तैयारियां!
हरे-हरे चूड़ा-चुनर, हरी गोटेदार चुंदड़ी, हरी मोतियों की माला!
जेठानी-सासुजी करे साज-शिंगार, लाड़-दुआओं से भरे झोला!
अंबवा की डाली पें, गाए कोयल कारी, हर्षाए मन फुलवारी!
सावन में लगे डारी-डारी झूले, झूला झूले शंकर संग गौरी!
सखी-सहेलियां खेले खेल निराले, दे दिल कुंवारे-कुंवारी!
शुक्ल-पक्ष की हरियाली तीज लाए अपार खुशियां, जीवन आंगन में!
कुवांरी या सुहागन, खिले सौभाग्य पंकज, मन नंदनवन में!   

                            ✍️ कुसुम अशोक सुराणा ( मुंबई, महाराष्ट्र )

🌺 हरियाली तीज की सौगात 🌺

सावन की ऋतु आयी,
संग "हरियाली तीज" की सौगात लायी,
रिमझिम वर्षा की मीठी फुहार लायी, 
सखियों संग झूला झूलन की बहार आयी, 
मतवाली शीतल बयार चली,
मन मयूर नाच उठा थिरक-थिरक,
कुहू और पपीहा भी कजरी सुनाये,
हाथों में गोरी मेहंदी लगाये,
हरी-हरी चूड़ियों की खन-खन खनक उठी, 
मीठी पायलिया की रुन-झुन झनक उठी, 
कहीं घेवर तो कहीं गुजिया की खुशबू महक उठी,
करके सोलह सिंगार गोरी पिया जी के साथ चली,
पीहर में अम्मा पलक पांवड़े बिछाये,
है हरियाली तीज बिटिया घर को आए,
शिव गौरी का पावन पर्व,
जिस पर ढेरों आशीष पाएं।

               ✍️ डाॅ० ऋतु नागर ( मुंबई, महाराष्ट्र )

🌟 माँ, बच्चों की खुशियों का आधार 🌟

माँ मूर्ति है त्याग की, खान है प्रेम और दया की, माँ ही तो पहचान है, इस सुंदर सृष्टि की। शक्ति का वरदान है माँ, सरस्वती का रूप है, माँ ही इस ...