माँ मूर्ति है त्याग की, खान है प्रेम और दया की,
माँ ही तो पहचान है, इस सुंदर सृष्टि की।
शक्ति का वरदान है माँ, सरस्वती का रूप है,
माँ ही इस धरती पर, ईश्वर का सच्चा स्वरूप है।
बच्चों के ख्वाबों को माँ पल भर में पूरा कर देती है,
अपने हिस्से की खुशियाँ भी उन पर न्यौछावर कर देती है।
खुद के सपने भूलाकर माँ ने बच्चों के सपनों को सँवारा है,
बच्चों की हर एक खुशी के लिए जीवन अपना वारा है।
बच्चों के रूठ जाने पर माँ प्यार से मना लेती है,
बच्चों की उदासी को पल भर में मुस्कान बना देती है।
माँ के रोम-रोम में ममता की रसधारा बहती है,
उसकी हर एक धड़कन में बच्चों की दुनिया रहती है।
खुद भूखी रहकर भी माँ बच्चों को भोजन कराती है,
अपनी पीड़ा छिपाकर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाती है।
माँ की ममता में सागर की गहराई समाई है,
धरती जैसी विशाल उसके प्यार की परछाई है।
बिना स्वार्थ के माँ बच्चों पर प्रेम लुटाती है,
बिन माँगे ही बच्चों की हर इच्छा पूरी कर जाती है।
आवश्यकता पड़ने पर महत्वपूर्ण सलाह माँ ही देती है,
बच्चों के कष्टों को तुरंत अपनी मुस्कान से हर लेती है।
माँ के आँचल में दुनिया की सारी खुशियाँ मिलती हैं,
उसकी दुआओं से जीवन की राहें खिलती हैं।
माँ ही बच्चों की खुशियों का आधार है,
माँ ही परमात्मा का सबसे अनमोल उपहार है।
✍️ रत्ना वाधवानी ( भोपाल, मध्य प्रदेश )

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें