गर्मियों की छुट्टियाँ शुरू होते ही दस वर्षीय आरव अपने माता-पिता के साथ गाँव आया। गाँव का खुला आँगन, नीम का घना पेड़, मिट्टी की सौंधी खुशबू और चिड़ियों की चहचहाहट उसे अच्छी तो लगती थी, लेकिन उसका मन इन सबमें कम और मोबाइल में अधिक लगता था।
सुबह उठते ही मोबाइल, दोपहर में मोबाइल और रात को सोने से पहले भी मोबाइल। दादी कई बार उसे अपने पास बुलातीं, लेकिन वह हर बार यही कहता, "दादी! अभी नहीं, मेरा गेम चल रहा है।"
एक शाम बिजली चली गई। मोबाइल की बैटरी भी समाप्त हो चुकी थी। आरव खीझकर बरामदे में आ बैठा।
दादी ने उसे पास बुलाया और प्यार से बोलीं, "आज तुम्हें एक कहानी सुनाऊँ?"
आरव ने ऊबते हुए कहा, "दादी ! वही राजा-रानी वाली कहानी ?"
दादी मुस्कराईं, "नहीं बेटा, आज तुम्हें एक ऐसे राजकुमार की कहानी सुनाऊँगी, जिसके पास सब कुछ था, लेकिन एक दिन उसे समझ आया कि असली अमीरी किसे कहते हैं।"
आरव उत्सुक होकर दादी के पास बैठ गया।
दादी ने कहानी शुरू की—
"एक गाँव में दो भाई रहते थे। दोनों के परिवार अलग-अलग घरों में रहते थे, लेकिन उनके दिलों में बहुत प्रेम था। बड़ा भाई धनवान था, जबकि छोटा भाई साधारण जीवन जीता था। एक बार गाँव में भयंकर आँधी आई। बड़े भाई के घर की छत टूट गई और छोटे भाई की फसल बर्बाद हो गई।
बड़ा भाई अपनी छत ठीक करवाने में लग गया। तभी छोटा भाई अपने परिवार सहित उसकी मदद के लिए पहुँच गया।
बड़े भाई ने आश्चर्य से पूछा, 'तुम्हारी अपनी फसल बर्बाद हो गई, फिर भी तुम मेरी सहायता करने आ गए ?'
छोटे भाई ने कहा, 'भैया ! फसल दोबारा उग सकती है, धन फिर कमाया जा सकता है, लेकिन रिश्तों में दरार पड़ जाए तो उसे भरने में पूरी जिंदगी लग जाती है।'
यह सुनकर बड़े भाई की आँखें भर आईं। उसने छोटे भाई को गले लगा लिया। दोनों ने मिलकर पहले एक-दूसरे की परेशानी दूर की और फिर अपनी जिंदगी दोबारा सँवारी।"
दादी ने कहानी रोक दी।
आरव ने पूछा, "दादी ! क्या सच में ऐसा होता है कि रिश्ते धन से बड़े होते हैं ?"
दादी ने उसके सिर पर हाथ फेरते हुए कहा, "बिल्कुल बेटा ! पैसा जरूरतें पूरी कर सकता है, लेकिन अपनापन नहीं खरीद सकता। याद रखना, जीवन में इतना बड़ा कभी मत बनना कि अपनों के छोटे-छोटे दुख तुम्हें दिखाई देना बंद हो जाएँ।"
आरव कुछ सोचने लगा।
तभी उसकी नजर आँगन में रखे मिट्टी के खाली घड़े पर पड़ी। उसने पूछा, "दादी, इसमें पानी क्यों नहीं है ?"
दादी बोलीं, "बेटा, पहले इस घड़े में राहगीरों और पक्षियों के लिए पानी रखा जाता था। अब लोग अपने घरों में तो ठंडे पानी की व्यवस्था कर लेते हैं, लेकिन बाहर प्यासे जीवों का ध्यान कम ही रखते हैं।"
अगली सुबह आरव जल्दी उठा। उसने अपने हाथों से घड़े में पानी भरा और नीम के पेड़ के नीचे पक्षियों के लिए एक छोटा-सा पात्र भी रख दिया।
दादी उसे देखती रहीं। उनके चेहरे पर संतोष था।
कुछ दिन बाद गाँव के एक बुजुर्ग काका रास्ते में गिर पड़े। आरव ने उन्हें उठाने में मदद की, घर तक पहुँचाया और उनके लिए पानी लाया। काका ने उसके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।
उस शाम आरव दादी के पास आया और बोला, "दादी ! आज मुझे समझ आया कि दूसरों की मदद करने से मन को कितनी खुशी मिलती है।"
दादी ने कहा, "बेटा, यही तो जीवन की सबसे बड़ी शिक्षा है। अच्छे अंक तुम्हें सफल बना सकते हैं, लेकिन अच्छे संस्कार तुम्हें अच्छा इंसान बनाते हैं।"
छुट्टियाँ समाप्त होने लगीं। शहर लौटने से एक दिन पहले आरव ने अपनी कॉपी निकाली और दादी की सारी सीख लिखने लगा।
उसने लिखा—
1. बड़ों का सम्मान करो, क्योंकि उनके अनुभव जीवन की अनमोल पूँजी हैं।
2. जरूरतमंद की सहायता करो, चाहे तुम्हारे पास थोड़ा ही क्यों न हो।
3. प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति दया रखो।
4. धन से अधिक रिश्तों और विश्वास को महत्व दो।
5. मोबाइल का उपयोग करो, लेकिन उसके इतने आदी मत बनो कि अपने आसपास की दुनिया ही भूल जाओ।
6. गलती होने पर उसे स्वीकार करना सीखो, क्योंकि गलती मानना कमजोरी नहीं, समझदारी है।
शहर लौटने से पहले आरव ने दादी को गले लगाकर कहा, "दादी ! अब अगली छुट्टियों में, मैं आपको भी एक कहानी सुनाऊँगा।"
दादी ने हँसते हुए पूछा, "अच्छा ! कैसी कहानी ?"
आरव बोला, "एक ऐसे बच्चे की, जिसने मोबाइल से नहीं, अपनी दादी से दुनिया को समझना सीखा।"
दादी की आँखें नम हो गईं। उन्होंने आरव के माथे को चूमकर कहा, "बेटा, मेरी कहानियाँ तभी सफल होंगी, जब उनकी सीख तुम्हारे व्यवहार में दिखाई देगी।"
शहर लौटकर आरव ने अपनी डायरी का नाम रखा— 'दादी की सीख, जीवन की राह'।
अब वह हर रविवार दादी से फोन पर बात करता, उनकी बातें सुनता और अपनी डायरी में एक नई सीख लिखता।
उसे समझ आ गया था कि दादी केवल कहानियाँ सुनाने वाली नहीं होतीं, वे अनुभवों की वह पाठशाला होती हैं, जहाँ बिना किताबों के भी जीवन का सबसे जरूरी पाठ पढ़ाया जाता है।
कहानी की सीख :-
बच्चों को केवल शिक्षित करना पर्याप्त नहीं, उन्हें संवेदनशील और संस्कारी बनाना भी जरूरी है। तकनीक का ज्ञान उन्हें आधुनिक बनाता है, लेकिन प्रेम, दया, सहयोग, प्रकृति के प्रति संवेदना और बड़ों का सम्मान उन्हें एक अच्छा इंसान बनाते हैं।
क्योंकि बचपन में सुनी गई अच्छी कहानियाँ केवल कुछ पल का मनोरंजन नहीं होतीं, वे जीवनभर हमारा मार्गदर्शन करने वाले संस्कार बन जाती हैं।
✍️ स्वीटी श्रीवास्तव ( वाराणसी, उत्तर प्रदेश )

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें