वो बेचारी सी औरत जो तड़के उठ के
सबके लिए चक्करघिन्नी बन जाती है
आम तौर पर घरों में गृहिणी कहलाती है
वो जिस घर में रहती है
वहां उसके नाम की नेमप्लेट भी नही होती
मदद के लिए एक मेड लगा दी जाती है
और सबकी उम्मीद होती है
कि वो ढाबे के जैसा स्वाद लिए
मास्टर शेफ जैसा खाना हर दिन बनाए
जिसको चंद पैसे दे कर
ज़रा-ज़रा सी बात पे हिसाब मांगा जाता है
जब खुद पैसे खर्च करने कभी पड़ी जाएं
बचपन में लगाया गणित याद आ जाता है
कभी कोई पूछता नही कि
क्या है तुम्हारी पसंद
क्या है कुछ तुमको भी नापसंद
पति बच्चे ससुराल वाले
सबकी पसंद का ध्यान है
भूल के, कि वो भी एक इंसान है
पति के लिए इच्छा बदली
सास के लिए कपड़े पहनने का ढंग
बच्चो के लिए काफी, आइसक्रीम, चाकलेट सब छोड़ी
कभी को खरीद लिया कुछ अपने लिए
स्वार्थी का तमगा लिए फिरती है
वो औरत है जो गृहिणी कहलाती है
प्लंबर, बढ़ई, दर्जी, धोबी
इलेक्ट्रीशियन, ड्राइवर
नर्स, डॉक्टर सब काम करती जाती
कभी बैठ के एक कप
गर्म चाय भी नही पी पाती
फिर भी सुनती है सब से
गृहिणी को काम ही क्या
सीरियल देखना और चादर तान के सोना
वो बाहर कमाने नही जाती
पर घर बैठ के हजारों रुपए बचाती है
वो औरत है जो गृहिणी कहलाती है
✍️ प्राप्ति सिंह ( हैदराबाद, तेलंगाना )