सोमवार, जून 27, 2022

🏆 पेड़ो की अहमियत 🏆









देख सूखी धरा सूखे खेत-खलिहान
ओरे मोरे चाँदी से ध्वल आसमान

धरती का श्रृंगार पेड़ ही
जीवन का आधार पेड़ ही
सूखी धरती करती कल्पना
काले बादल काढ़े अल्पना

बारिश का मौसम धरा को वरदान
ओरे मोरे चाँदी से ध्वल आसमान

जब बारिश की बूंदे गिरती
सूखी धरा महक से उठती
अकाल कभी ना सहे धरा
बिन अनाज तो मानव मरा

सोने सी धरती पर बरसो आन
ओरे मोरे चाँदी से ध्वल आसमान

बारिश की कीमत अनमोल
इसके तो कीचड़ का भी मोल
पेड़ो की अहमियत समझे हम
सूखी धरा की पुकार सुने हम

सूखे सारे सपने टूटे सब अरमान
ओरे मोरे चाँदी से ध्वल आसमान

✍️ सुनीता सोलंकी 'मीना' ( मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश )

🏆 ये मुस्कुराहट सुकून देती है 🏆







सच  में  तुम  कितनी  साकार  हो  ...
हर  वक़्त  एक  मुस्कुराती  तस्वीर  हो  ...
बातों  से  गूँजती  धुन  हो  ...
पहलू  में  सिमटी  न्यारी  तकदीर  हो...
आँखों  से  बोलती  गीत  हो...
हर  बातों  में  मासूम  पहेली  हो  ....
हर  मुलाकातों  में  कुदरत  की  भेजी   तासीर  हो...
मेरी  तुम  अपनी  हाथ  की लिखी  शायरी  हो...
तुम  जीती  जागती  मेरी  नज्म  हो..
ये  मुस्कुराहट  मुझे  सुकून  देती  है  ...
मेरी  तकदीर  में  सुनहरी  रंगत  जो  भरती ...
तुम्हारी  इस  मुस्कान  से .......
मेरी  मासूमियत  जो  उभरती‌‌  है  ....।।

✍️ डॉ. उमा सिंह बघेल ( रीवा, मध्य प्रदेश )

🏆 गृहिणी औरत 🏆








वो बेचारी सी औरत जो तड़के उठ के 
सबके लिए चक्करघिन्नी बन जाती है 
आम तौर पर घरों में गृहिणी कहलाती है 

वो जिस घर में रहती है 
वहां उसके नाम की नेमप्लेट भी नही होती 
मदद के लिए एक मेड लगा दी जाती है 
और सबकी उम्मीद होती है 
कि वो ढाबे के जैसा स्वाद लिए 
मास्टर शेफ जैसा खाना हर दिन बनाए 

जिसको चंद पैसे दे कर 
ज़रा-ज़रा सी बात पे हिसाब मांगा जाता है 
जब खुद पैसे खर्च करने कभी पड़ी जाएं 
बचपन में लगाया गणित याद आ जाता है 

कभी कोई पूछता नही कि
क्या है तुम्हारी पसंद 
क्या है कुछ तुमको भी नापसंद 
पति बच्चे ससुराल वाले
सबकी पसंद का ध्यान है 
भूल के, कि वो भी एक इंसान है

पति के लिए इच्छा बदली
सास के लिए कपड़े पहनने का ढंग 
बच्चो के लिए काफी, आइसक्रीम, चाकलेट सब छोड़ी
कभी को खरीद लिया कुछ अपने लिए 
स्वार्थी का तमगा लिए फिरती है 
वो औरत है जो गृहिणी कहलाती है

प्लंबर, बढ़ई, दर्जी, धोबी
इलेक्ट्रीशियन, ड्राइवर 
नर्स, डॉक्टर सब काम करती जाती
कभी बैठ के एक कप
गर्म चाय भी नही पी पाती 
फिर भी सुनती है सब से 
गृहिणी को काम ही क्या
सीरियल देखना और चादर तान के सोना 
वो बाहर कमाने नही जाती 
पर घर बैठ के हजारों रुपए बचाती है 
वो औरत है जो गृहिणी कहलाती है

✍️ प्राप्ति सिंह ( हैदराबाद, तेलंगाना )

🏆 परिस्थितियों का दास मानव 🏆








सुनो..

सोचती हूँ

होगी कोई तो 

एक शाम 

जिसमें सहेज लेंगे 

चंद लम्हे 

अनमोल से..।

जो जियेंगे हम-तुम साथ 

बैठ गंगा किनारे

सीढ़ियों पर

ले कुल्हड़ में चाय।

वो गंगा की लहरें

वो ठंडी मधुर बयार

वो शीतल सा 

चाँद का निकलना 

वो गंगा में 

ठहरी नाव का 

मचलना

और 

वो हमारे 

दिलों का पिघलना…।

पर…

जो चाहा 

वो कहाँ हो पाता है 

रह जाते हैं हम 

बस सोच कर ही

कहाँ जी पाया है 

अपने मन 

बस

परिस्थितियों का 

दास रहा है

मानव 

सदैव ही..।


✍️ भारती राय ( नोएडा, उत्तर प्रदेश )

रविवार, जून 26, 2022

🏆 मन की सुन्दरता है सबसे न्यारी 🏆






मेरा  मन  मेरे  तन  से  भी  ज्यादा  सुन्दर  ...
किस  किस  से  कहूँ  कि  मेरा  मन  है  कितना  सुन्दर...
पानी  की सफेद  झलक का  चित्रण  है  ये  मन....
आंखों  के  आगे  बहती  हो  ज्यों  निर्मल   पवन ....
बातों  की  बातों  से  जुझारू  होता  है  ये  मन...
दिल  की  तह  तह  से  खेलता  होता  है  ये  मन  ....
यादों  के  सहारे  जीता  है  ये  मन  ...
सुन्दर  यादों  से  भी  सुन्दर  होता  है  ये  मन....
उकेरी  सुन्दरता  से  क्या  होता  है  ....
मन  की  सुन्दरता  से  ही  ये  दिल हँसता  है  ....
जीवन  तक  साथ  जो  देता  है....
मरने के  उपरांत  भी  वह  साथ  होता  है....
इसमें मन  की  सुन्दरता  का  सदा  साथ  होता  है....
चेहरे  का  क्या  कहना  ....
कुछ  पल  में  लुप्त  होना  है  ....
मन  की  छवि  तो  ....
मरने  के  पश्चात  भी  ...
जिन्दा  रहनी  है  ....
इतिहास  में  जो  अमर  हो  जानी  है....।।

      ✍️ डॉ. उमा सिंह बघेल ( रीवा, मध्य प्रदेश )

🏆 जुल्फें, लब, रूख़सार बहकें 🏆






ग़ज़लों से कितना प्यार बरसे
जहनों तन हो गुलज़ार महकें

जुल्फें, लब, रूख़सार बहकें
झुमके-बिंदी की मार सहते

दायरा दरम्यान आ जाए भले
मुख़्तसर हाथ में संसार भरके

आप रोशन सितारा जहाँ का
बेनूर नज़र कहाँ बेकार भटके

नील गगन सी चादर सिर पर
साया मुहाफ़िज़ प्यार बन के 

कौन कब तक बनेगा पासबाँ
निकल सिर जुनूँ सवार करके

मिसरे में रिश्ता आपसे जुड़ा
मुखड़ा आँखो में ख़ुमार लेके

✍️ सुनीता सोलंकी 'मीना' ( मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश )

🏆 जीवन का खूबसूरत वक्त 🏆









शब्द नही होते हैं हरदम, कहने को मन की बात।

जी करता है कभी तो बैठूँ, ले हाथों में तेरा हाथ।।


देखो तो कितना खूबसूरत है, ये वक्त भी जीवन का।

चलते रहना यूँ ही तुम, ना छोड़ के जाना अब ये साथ।।


जब नींद नहीं आयी मुझको, साथी था मेरा तन्हा चाँद।

उसकी आँखों में नींद नही थी, बातें करते कट गयी रात।।


नाम हथेली पर तेरा, आंसू से मैंने लिख रखा है।

खोल हथेली पढ़ लेती हूँ, आती है जब तेरी याद।।


जब चाहा तुमसे मिलना, आइने में ख़ुद को देख लिया।

आँखों में तुम दिख जाते हो, प्रेम में जाने क्या है बात।।


     ✍️ भारती राय ( नोएडा, उत्तर प्रदेश )

🌟 माँ, बच्चों की खुशियों का आधार 🌟

माँ मूर्ति है त्याग की, खान है प्रेम और दया की, माँ ही तो पहचान है, इस सुंदर सृष्टि की। शक्ति का वरदान है माँ, सरस्वती का रूप है, माँ ही इस ...