बुधवार, जुलाई 27, 2022

🦚 प्रेम जटिलता 🦚








प्रेम की अनगिनत
परिभाषाओं, व्याख्याओं
और समीक्षाओं के
बीच इसकी जटिलता
सर्वोपरि हैं, हम कहते
तो हैं कि हमनें प्रेम किया
पर क्या सच में किया
निःस्वार्थ प्रेम स्वतः 
घटित होता है
मौखिक आडम्बरों
से परे, शब्द सीमाओं
के चयनित लक्ष्य को 
लांघ कर मौन की
गूँज में हर तरफ
बिखर जाता है और
छिप जाता है आँखों
के उस कोने में जहाँ
स्वप्न सोते हैं.....

✍️ सीमा मोटवानी ( अयोध्या, उत्तर प्रदेश )

मंगलवार, जुलाई 26, 2022

🦚 स्त्री हूँ मैं 🦚








स्त्री हूँ मैं
जननी मैं ही
भार्या मैं ही 
पुत्री भी पुत्रवधू भी
बहन भी मैं ही हूँ
धरती जैसी स्थिर भी 
नदी जैसी चंचल भी 
तितली जैसी कोमल भी 
फूल जैसे कांटों से घिरी हूँ मैं
कमल हूँ
कीचड़ को घर बनाती हूँ 
अन्नपूर्णा बन अन्न को अमृत बनाती हूँ
कहीं कहीं पूजी जाती 
वैसे अक्सर दुत्कारी जाती हूँ
स्त्री हूँ मैं
आंखों में फांस सी खटकती हूँ
जो पुरुषों से आगे बढ़ जाती हूँ
रूपवान मैं, गुणवान भी
भाग्य को बदलने की क्षमता भी 
लक्ष्मी भी मैं, सरस्वती भी 
और शक्ति स्वरूपा भी
स्त्री हूँ मैं

✍️ प्राप्ति सिंह ( हैदराबाद, तेलंगाना )

🦚 विरहिन 🦚








मेरे उर जज़्बात, कभी ना मरते,
देते जो मेरा साथ, कभी मिल हंसते,
रोता दिल दिन रात, जख्म हैं गहरे,
प्रीत दिवानी पीर, सैंकड़ों पहरे।

टूटा दिल मजबूर, भाव सब जख्मी,
रैना घुप घनघोर, गुमी सब उर्मी,
सांझ निष्प्राण सदा, नयन बनज़ारे,
छुई मुई सी भोर, सुस्त उजियारे।

पागल प्रतिक्षित पहर, अंगना पुकारे,
धडकन झुर-झुर झुरे, आतुर निहारे,
बांझ प्रीत नित रटे, घिरे ना घटाएं,
दरस दिवाने नयन, अश्रु नैन बहाएं।

✍️ सुखमिला अग्रवाल 'भूमिजा' ( जयपुर, राजस्थान )

शुक्रवार, जुलाई 22, 2022

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा आयोजित ऑनलाइन सिनेमा साहित्यिक महोत्सव के प्रतिभागी रचनाकार सम्मानित।

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा सिनेमा के समाज पर पड़ने वाले विभिन्न प्रभावों को दर्शाने के लिए ऑनलाइन 'सिनेमा साहित्यिक महोत्सव' का आयोजन किया गया। जिसका विषय 'सिनेमा का प्रभाव' रखा गया। इस महोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों के रचनाकारों ने भाग लिया। जिन्होंने दिए गए विषय पर आधारित एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट रचनाओं को प्रस्तुत कर ऑनलाइन 'सिनेमा साहित्यिक महोत्सव' की शोभा में चार चाँद लगा दिए और ऑनलाइन सिनेमा साहित्यिक महोत्सव को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस महोत्सव में सावित्री मिश्रा (झारसुगुड़ा,ओड़िशा) और भारती राय (नोएडा, उत्तर प्रदेश) द्वारा प्रस्तुत की गई रचनाओं ने समूह का ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया। महोत्सव में सम्मिलित प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को ऑनलाइन 'पुनीत साहित्य पुष्प' सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समूह के संस्थापक एवं अध्यक्ष पुनीत कुमार जी ने सिनेमा को मनोरंजन का महत्वपूर्ण साधन बताते हुए सिनेमा के समाज पर पड़ने वाले विभिन्न प्रभावों के बारे जानकारी दी और महोत्सव में प्रस्तुत की गई रचनाओं पर अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया देकर रचनाकारों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया और सम्मान पाने वाली प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को उज्ज्वल साहित्यिक जीवन की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने हिंदी रचनाकारों को समूह द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न ऑनलाइन साहित्यिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सादर आमंत्रित भी किया।

गुरुवार, जुलाई 21, 2022

🦚 सिनेमा और हम 🦚

भारतीय समाज और जीवन पर फिल्मी दुनिया ने आइडियल की तरह रोल अदा किया है। लोगों की जीवन शैली पूरी तरह सिनेमा से प्रभावित हुई है। इसके सकारात्मक और नकारात्मक दोनो पहलू हैं। जिस तरह साहित्य समाज का दर्पण होता है उसी तरह सिनेमा भी समाज को प्रतिबिंबित करता है। इसका मूल उद्देश्य मनोरंजन होने के बावजूद इसका समाज पर गहरा प्रभाव पड़ता है। कुछ लोग कहते हैं कि सिनेमा बुराई फैलाता है। पर यह हमारे देखने के नजरिए पर निर्भर करता है फिल्म 'हकीकत' सन् 1962 के चीन-भारत के युद्ध पर आधारित है। चीनी सैनिक हमारे देश की तरफ बढ़ते आ रहे थे। भारतीय सैनिक वीरता के साथ युद्ध कर रहे थे। इस फिल्म में कैफी आज़मी का लिखा हुआ गीत कर चले हम फिदा बहुत प्रसिद्ध हुआ है। इसे सुनकर  हजारो लोग सेना मे शामिल होने निकल पड़े। ऐसी फिल्मे लोगों को प्रेरणा देती है। उनमे देशभक्ति का जज्बा कायम रखती हैं। यह फिल्म समाज के युवाओं को देश के लिए मर मिटने को प्रेरित करती है। कर चले हम फिदा गीत सुन कर रगों मे वीरता का जोश भर जाता है। मुझे यह फिल्म और इसका गीत बहुत पसंद है। ऐसी फिल्में समाज में सकारात्मक प्रभाव डालती है।

                 ✍️ सावित्री मिश्रा ( झारसुगुड़ा, ओड़िशा )




रविवार, जुलाई 17, 2022

🦚 यादें 🦚










यूँ तो होंगे हर जगह आपके मुरीद बेशुमार।

पर जो भीड़ की तन्हाई में आएं पास वो यादे हमारी होंगी।।


यूँ तो आप हँसेंगे महफ़िल में खुल कर के सब के साथ।

पर जो ला दें मोती पलकों पे इक बार वो यादें हमारी होंगी।।


यूँ तो तैरते होंगे ख़्वाब आपकी आँखों में बेशुमार।

पर जो जगा दें चौंक के उस रात वो यादें हमारी होंगी।।


यूँ तो गुल ही गुल बिखरे होंगे राह में हर तरफ़।

पर जो बिखरा दें ख़ुशबू बेहिसाब वो यादें हमारी होंगी।।


यूँ तो चुभते होंगे पाँवों में आपके भी कभी ख़ार।

पर जो रोक ले थाम कर दामन आज वो यादें हमारी होंगी।।


यूँ तो शब पूनम भरी होगी गुलशन-ए-हयात में।

पर जो करवटों में कटेगी रात वो यादें हमारी होंगी।।


यूँ तो खाएँगे वफ़ा की क़समें भी बहुत मिलने वाले।

पर जो निभायेंगी ख़ामोश वफ़ा साथ वो यादें हमारी होंगी।।


      ✍️ भारती राय ( नोएडा, उत्तर प्रदेश )

बुधवार, जुलाई 13, 2022

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा आयोजित ऑनलाइन खान-पान विशेष साहित्यिक महोत्सव के प्रतिभागी रचनाकार सम्मानित।

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा लोगों को खान-पान के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से ऑनलाइन 'खान-पान विशेष साहित्यिक महोत्सव' का आयोजन किया गया। जिसका विषय 'खान-पान की वस्तुएं' रखा गया। इस महोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों के रचनाकारों ने भाग लिया। जिन्होंने दिए गए विषय पर आधारित एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट रचनाओं को प्रस्तुत कर ऑनलाइन 'खान-पान विशेष साहित्यिक महोत्सव' की शोभा में चार चाँद लगा दिए और ऑनलाइन खान-पान विशेष साहित्यिक महोत्सव को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। महोत्सव में सम्मिलित प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को ऑनलाइन 'पुनीत साहित्य सुधा' सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समूह के संस्थापक एवं अध्यक्ष पुनीत कुमार जी ने लोगों को स्वस्थ जीवन जीने के लिए खान-पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी और महोत्सव में प्रस्तुत की गई रचनाओं पर अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया देकर रचनाकारों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया और सम्मान पाने वाली प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को उज्ज्वल साहित्यिक जीवन की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने हिंदी रचनाकारों को समूह द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न ऑनलाइन साहित्यिक महोत्सवों में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सादर आमंत्रित भी किया। इस महोत्सव में प्राप्ति सिंह और भारती राय द्वारा प्रस्तुत की गई रचनाओं ने समूह का ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया।

🌟 माँ, बच्चों की खुशियों का आधार 🌟

माँ मूर्ति है त्याग की, खान है प्रेम और दया की, माँ ही तो पहचान है, इस सुंदर सृष्टि की। शक्ति का वरदान है माँ, सरस्वती का रूप है, माँ ही इस ...