मंगलवार, नवंबर 15, 2022

⏲️ बेरहम वक्त ⏲️








यह वक्त भी 
कितना बेरहम होता है
कभी एकदम सख्त तो 
कभी नरम होता है
वक्त के साथ चल पाना 
बड़ा मुश्किल है यारों
वक्त कभी जख्म देता है तो 
कभी जख्म का मरहम होता है
वक्त सही हो तो 
हमारा हमदम होता है
वक्त पलट जाए तो
गम ही गम होता है
वक्त को मुट्ठी में 
पकड़ सकते नही हम
वक्त देखने में भले मोती हो 
पर फूलों पर गिरा शबनम होता है

✍️ संध्या शर्मा ( पटना, बिहार )

🤹 बचपन मरने ना दो 🤹

"मेम साहब मुझे बुखार हो रहा है, एक दो दिन की छुट्टी चाहिए "राधिका ने कहा। कैसी बात कर रही है राधिका, तुझे पता है ना मेरे पास बिल्कुल भी समय नहीं होता है तू किसी और को बोल अपनी जगह काम करने को" सुधा बोली। "मेम साहब मैंने पूछा था पर कोई भी साथ की कामवाली तैयार नही है।" मुझे नही पता राधिका, तेरी बेटी भी तो है तू उसको भेज दे अपनी जगह।" "कैसी बात कर रही हैं मेम साहब वो तो अभी छोटी बच्ची है और स्कूल जाती है। वैसे भी मैं अपनी बच्ची का बचपन नही छीन सकती।" "देख राधिका मुझे कुछ नहीं पता या तो तू अपनी जगह बेटी को भेज नही तो मैं किसी और को रख लूंगी। मेरे पास समय नही होता घर के काम का और कल बाल दिवस है मेरे कल कई कार्यक्रम है।" कहकर सुधा ने फोन रख दिया। पास बैठे सुधा के पति जो सारी बातें सुन रहे थे बोले "क्या हुआ सुधा क्यों इतनी परेशान हो ?" अरे ! ये राधिका जरूरत के समय छुट्टी कर लेती है और अपनी बच्ची को भी नही भेज रही।" तुम परेशान ना हो कल मेरी और पीहू की छुट्टी है हम दोनों मिलकर सब संभाल लेंगे तुम अपने बाल दिवस के कार्यक्रम पर ध्यान दो जहां तुम मुख्य अतिथि हो"। "कैसी बात कर रहे हैं आप पीहू छोटी बच्ची है वो घर का काम कैसे करेगी।" " वैसे ही जैसे राधिका की बेटी करेगी, पीहू उसकी ही हम उम्र है ना तो हमारी बेटी भी तो कर सकती है ना" सुधा के पति ने कहा। सुधा को समझ आ गया कि वो क्या गलती कर रही थी। मुझे माफ कर दीजिए भूल गई थी कि अपने स्वार्थ में मैं किसी बच्चे का बचपन छीनने चली थी। मैं अभी राधिका को फोन कर के माफी मांगती हूँ।

                   ✍️ स्मिता चौहान ( गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश )

सोमवार, नवंबर 14, 2022

🤹 बच्चों की ख्वाहिश 🤹








बाल दिवस पर,
महज।
कुछ भाषण।
कुछ निर्देश।
पेन, पेन्सिल, फल, 
मिठाईयो  के उपहार,
मत लाना।
ले आना,
इस बार।
अंग्रेजी माध्यम का "बस्ता"
खिलौनों का ढेर,
कार की लम्बी सैर,
शाही नाश्ता,
मोटी किताबें,
बड़े शहर का "कालेज"
विदेश जाने के "स्वप्न"
"उड़कर" गांव आने की राह, 
ताकि आसान हो जाए
बाबू का कर्ज,
उतर सके,
अम्मा की धोती,
पर लग सकें,
"रेशमी पैबंद"
निम्बोलियों तले,
मुरझाते हैं स्वप्न,
हर बरस,
कि तरह,
इस बार हमें।
विमर्श  का हिस्सा,
मत बनाना।
कुछ,
जेब ढीली करना।
कुछ दिल,
बड़ा करके।

✍️ कल्पना यादव ( कानपुर, उत्तर प्रदेश )

शनिवार, नवंबर 12, 2022

⏲️ वक्त ⏲️








वक्त !
हमेशा एक सा नही रहता !
वक्त !
खराब-अच्छा कभी हुआ ही नही,
खराब-अच्छे हुए हैं  "हम"
कोसना !
वक्त को क्यूं ?
दोष खुद को भी कभी !
झांकना जब गिरेबान में था,
हम !
घड़ी की सुईयों की रफ्तार देखते रहे,
वक्त !
रूका सा है !
"वह" चला ही कब था,
दौड़ तो तुम रहे हो,
"अन्धी दौड़ें "
जिनके छोर तलाशते,
बीतेंगी सदियां !
साथ ही !
बीतेगा मनुष्य भी,
वो वक्त ही था,
जब बिछीं खुशियों की रंगीन चादरें !
और वो भी,
वक्त ही था !
जब ! रूदालियों ने पीटी छातियां !
वक्त के पहियों के साथ, 
दौड़ते रहे हम,
या !
हमारे साथ दौड़ा वक्त !
कौन जानता है !
समय ने छलनी किये तमाम सीने,
तो !
बजाई शहनाईयां भी !
विदाई की अन्तिम बेला में,
जब !
प्रेयसी ने रोके पलकों पर "अश्क"
कभी किसी वक्त !
बाहों में झूलकर छेड़े थे,
हज़ारों राग भी !
वक्त-वक्त की बात है !
कभी दुःखों के साझीदार भी,
बन जाते हैं "मुखौटे"
काल की मार से बचा है कोई  !
जो ! तू बचेगा !
बस तू !
वक्त से कदम ताल मिला !

✍️ कल्पना यादव ( कानपुर, उत्तर प्रदेश )

शुक्रवार, नवंबर 11, 2022

🤹 बच्चों के लिए गुरु मंत्र 🤹



 




स्वच्छ रहना सीखो सदा
 स्वस्थ रहकर जियो सदा
 जब सफाई से हटे जरा
 तन होगा रोगों से भरा
 अगर चाहते रहना स्वस्थ
 रखो हमेशा तन को स्वच्छ
 स्वच्छ रहोगे स्वस्थ रहोगे
 जीवन में तुम मस्त रहोगे
 स्वच्छता को यदि पहचानोगे
 जीवन जीना तुम जानोगे
 अच्छी तरह से धोना हाथ
 फिर लेना भोजन का साथ
 जंक फूड से दूर रहोगे
 रोगों को तुम दूर रखोगे  
 चीनी तो तुम ना ही खाना
 उसकी जगह गुड़ अपनाना
 रोज सवेरे लेना बाथ
 अच्छी नींद में कटेगी रात
 रात में हो जो दूध का ग्लास
 परीक्षा में तुम होगे पास
 खेल कर जब घर आओगे
 तन में ताजगी पाओगे
 स्वच्छ रखना अपने वस्त्र
 याद रखना ये सारे मंत्र
 स्वास्थ्य हमारा पहला धन है
 फिर रोटी, घर और वसन है

 ✍️ संध्या शर्मा ( पटना, बिहार )

गुरुवार, नवंबर 10, 2022

🤹 भिन्न हुआ बचपन कैसे‌ 🤹











देख एक बच्चे को चुनते कचरा

मेरी बेटी ने प्रश्न किया गहरा…

माँ, वो भी तो है बच्चा मुझसा

तो क्यों उसके बचपन पर पहरा ?

क्यों मैं फिरती नाज़ों से और

क्यों वो चुनता फिरता कचरा ?


माँ, वो बचपन क्यों पैबंद में लिपटा ?

क्यों मैं बदलूँ सुंदर कपड़े झटपट ?

क्यों सब मुझसे लाड लड़ाते

क्यों उसको कहते ‘चल हट’ ?


क्यों मेरी पीठ पे महँगा बस्ता ?

क्यों कचरे का थैला उसे मिला ?

क्यों उसका मटमैला बचपन ?

क्यों मेरा रंगों से खिला ?


माँ, मैं क्यों पढ़ने जाती हूँ ?

क्यों हक़ शिक्षा का उसको नही मिला ?

जब हम दोनों ही बच्चे हैं

तो बचपन कैसे भिन्न भला ?


सुनकर बेटी के प्रश्नों को

मैं भीतर-भीतर सोचती हूँ

तीर से चुभते लेकिन सच्चे

इन प्रश्नों के उत्तर खोजती हूँ


लाख कोशिशें करती हूँ

गूगल, ट्विटर भी खोलती हूँ

पुस्तक, लेख, निबंध और टीवी

हर सम्भावित जगहें टटोलती हूँ


पाती हूँ इन पर बातें बड़ी

लेख, निबंध, डिबेट की लगी झड़ी

किंतु हल मिलता कहीं नही

बस बातें होतीं बड़ी-बड़ी


उपजे बालमन के प्रश्न ये गूढ़ बड़े

मानो, मुँह बाये उत्तर सुनने को खड़े

क्यों एक तरफ़ मटमैला बचपन

क्यों दूसरी ओर रत्नों से जड़े ?


बिटिया के प्रश्न हैं नश्तर से

मानो सीने में चुभते हों जैसे

जब हम दोनों ही बच्चे हैं

तो भिन्न हुआ बचपन कैसे…?

बोलो…

हुआ भिन्न बचपन कैसे ?


✍️ भारती राय ( नोएडा, उत्तर प्रदेश )

मंगलवार, नवंबर 08, 2022

⏲️ समय का व्याकरण ⏲️











समय का व्याकरण 

और हम...

अ, आ, इ, ई के जाल में उलझे

बुनते ताने बाने

छोटा उ, बड़ा ऊ

क्या घटाऊँ, क्या बढ़ाऊँ

रिश्ते घटते, असंवेदनशीलता बढ़ते, 

देखते सब कुछ

मोहमाया के जंजाल में फँसे...

ज़िंदगी हमपर जैसे लगातार कोई तंज कसे,

ए, ऐ का भी खेल निराला

लय, सुर, ताल पर पड़ गया ताला...

जीवन की डगर कभी इधर से गुजरे

तो कभी उधर से गुजरे

जिंदगी करती दिखती बिन ताल के मुजरे...

सोचने बैठे ओ, औ, अं, अः

होंठो पर हंसी गायब स्वतः..

कितने और उतार चढ़ाव 

जाने क्या है जीवन का बहाव...

आँखों की नदी अब बनी समंदर 

गहरी वेदना इसके अंदर....

कुछ भी नही बचा अब शेष 

चल रही हैं बस साँसें और धड़कन...

और समय के इस व्याकरण में

बस उलझे रह गए हम...


   ✍️ भारती राय ( नोएडा, उत्तर प्रदेश )

🌟 माँ, बच्चों की खुशियों का आधार 🌟

माँ मूर्ति है त्याग की, खान है प्रेम और दया की, माँ ही तो पहचान है, इस सुंदर सृष्टि की। शक्ति का वरदान है माँ, सरस्वती का रूप है, माँ ही इस ...