शनिवार, नवंबर 26, 2022

🇮🇳 मेरे भारत सा ना कोई मिला 🇮🇳












देख ली सारी दुनिया,
पर मेरे भारत सा ना कोई मिला।
दुनिया के इस चमन में मेरे वतन सा,
ना कोई फूल खिला।
धन्य है भारत की धरती,
अक्षुण्य यहां की धरोहर है।
मेरे भारत का क्या कहना,
ये तो स्वर्ग से भी सुंदर है।
निराले हैं यहां के तीज त्यौहार,
इन सब में मुझे सद्भाव मिला।
देख ली मैंने सारी दुनिया,
पर मेरे भारत सा ना कोई मिला।

ऊंचे हिमालय की चोटियां,
मेरे भारत का अभिमान हैं।
गंगा की पावन अमृतधारा है यहां,
पक्षी भी सुनाते मधुर तान हैं।
लहलहा उठती हैं फसलें खेतों की,
मिट्टी में मुझे सोना ही मिला।
देख ली सारी दुनिया,
पर मेरे भारत सा ना कोई मिला।

शत्रुओं ने कई आक्रमण किए।
और दर्द दिया भारतीयता को
देश के वीरों ने बलिदान देकर,
सदैव ही बताया है उनको,
अजर अमर है मेरा भारत।
आंख उठाकर ना देखना,
इस ओर गर कदम बढ़ाया तो,
मुश्किल कर देंगे जीना।
ऐसे शूरवीरों के दम पर ही
मेरे भारत का वजूद कभी न हिला।
देख ली सारी दुनिया
पर मेरे भारत सा ना कोई मिला।

✍️ अमृता पुरोहित ( पंचमहल, गुजरात )

शुक्रवार, नवंबर 25, 2022

🇮🇳 भारत मेरा अभिमान 🇮🇳










जय हिन्द बोल कहते जब जब,
तन मन मेरे ज्वाला भड़के।
अंग अंग मेरा ललकार रहा, 
शत्रु भयभीत होकर तड़पे।

रग रग में मातृभूमि की सेवा,
सैनिक बन सरहदों पर बैठे।
मात की ममता को बचाने, 
हरदम शीश कटाने बैठे।
भूल चुका जो मानव मानवता,
उनको सबक सिखाने धधके।
जय हिन्द बोल कहते जब जब,
तन मन मेरे ज्वाला भड़के।

भारत की रखवाली करने,
जगत नाथ धरती पर आते।
कभी राम कभी कृष्ण बनकर,
अधर्मियों का संहार करते।
देश भक्ति की बयार बही है, 
मत उलझो कहते हम डटके।
जय हिन्द बोल कहते जब जब,
तन मन मेरे ज्वाला भड़के।

राम भी हम में रहीम भी हम में,
मत उलझाओं मां के लाल को।
कण कण में बहती है समता, 
जान से जाओगे भांप लो।
भारत है मेरा अभिमान, 
वीर बोले है देखो जम के।
जय हिन्द बोल कहते जब जब,
तन मन मेरे ज्वाला भड़के।

इंकलाब हो या हो अहिंसा, 
सब कुछ तुमने मुझमें पाया।
फिर भी आंख दिखाकर तुमने,
लाठी राह पर है अड़ाया।
रिश्तों की मर्यादा भूले, 
तुम कैसे विद्रोही बन आए।
अस्तित्व की चिंता छोड़ तुमने, 
हिंसा रूप को अपनाया।
बहुत हुआ अब संभल जाओ, 
देखो विश्लेषण करके।
शौर्यवान है धरती मेरी, 
देखो तो इतिहास खोल के।
जय हिन्द बोल कहते जब जब,
तन मन मेरे ज्वाला भड़के।

✍️ जयंती खमारी 'रूही' ( सक्ती, छत्तीसगढ़ )

🇮🇳 अमर रहें माँ भारती, अमर रहे परिवेश 🇮🇳








जीयो जीने दो यही, भारत का संदेश।
सत्य अहिंसा शांति ही, हैं इसके उपदेश।।
जां से प्यारा है मुझे, मेरा भारत देश। 
अमर रहें माँ भारती, अमर रहे परिवेश।।

मिली विश्व गुरु रूप में, इसे अलग पहचान।
गंगा जमुनी सभ्यता, भारत की है शान।।
पावन वंदेमातरम, जण गण सुंदर गान।
जग में प्यारे नाम है, भारत, हिन्दुस्तान।।
बोस भगत आजाद हैं, आजादी का भान।
लक्ष्मी शिवा प्रताप के, मत भूलो बलिदान।।
लाखों के बलिदान हैं, आजादी के नाम।
सभी शहीदों को करूँ, शत शत बार प्रणाम।।
कई रंग की सभ्यता, बोली भाषा भेष। 
भाईचारे से रहें, दिल में रहें न द्वेष।।

जां से प्यारा है मुझे, मेरा भारत देश। 
अमर रहें माँ भारती, अमर रहे परिवेश।।

शब्द आरती प्रेर सँग, गूँजे यहाँ अजान।
सब धर्मों का देश में, होता है सम्मान।।
अतिथि लगे है देव सम, जग परिवार समान। 
पर दुश्मन को भेजते, हम सीधे शमशान।।
जंगल जंगल हम फिरें, चाहे जाए जान।
प्राणों से ज्यादा करें, हम वचनों का मान।।
होली या दीपावली, क्रिसमस डे रमजान।
पर्वो के उल्लास हैं, खुशियों के उद्यान।।
कण कण में इसके बसें, ब्रह्मा विष्णु महेश।
अडिग आस्था से लगे, सुन्दर हर परिवेश।।

जां से प्यारा है मुझे, मेरा भारत देश। 
अमर रहें माँ भारती, अमर रहे परिवेश।।

तुलसी सूर कबीर हैं, मीरा और रसखान।
भूषण जगनिक ने रचा, है साहित्य महान।।
रहा पुरातन काल से, शोध सुगम विज्ञान।
हमने खोजा शून्य भी, भेजा मंगलयान।।
उड़े तिरंगा नभ छुये, ऐसी भरें उड़ान। 
सबसे आगे ये रहे, दिल का है अरमान।।
भारत की खातिर लड़ें, इस पर दे दें प्राण।
हर भारतवासी करें, भारत पर अभिमान।।
कटुता कुन्ठा शत्रुता, रहे न कोई क्लेश।
भाई चारा मित्रता, है अपना संदेश।।

जां से प्यारा है मुझे, मेरा भारत देश। 
अमर रहें माँ भारती, अमर रहे परिवेश।।

✍️ देवप्रिया 'अमर' तिवारी ( दुबई, यू.ए.ई )

गुरुवार, नवंबर 24, 2022

🌻 प्रकृति में सुंदरता 🌻













प्रकृति तेरे हर कण में
सुंदरता समाई है।
कहीं है कल-कल करती नदियां
तो कहीं पहाड़ों की गहराई है।
खूबसूरती ने तेरी छवि
हर मन में बसाई है।
प्रकृति तेरे हर कण में 
सुंदरता समाई है।

हरे-भरे वनों ने हरियाली की
नई परिभाषा बनाई है।
रसीले फलों से लदे पेड़ों ने
झुककर विनम्रता की
सुरीली तान गाई है।
प्रकृति तेरे हर कण में
सुंदरता समाई है।

रेगिस्तान की तपती रेत में भी
मुझे सौंदर्य दिखता है।
सावन में जब बरखा का पानी
पेड़ों की पत्तियों पर बरसता है।
लगता है जैसे तूने ही कोई
खूबसूरत गजल सुनाई है।
प्रकृति तेरे हर कण में
सुंदरता समाई है।

मुलायम बर्फ की चादरें
जब तन में ठिठुरन पैदा करती हैं।
समंदर की लहरें जब मुझसे
अठखेलियां करती हैं।
सुबह सूरज की किरणें जब
ओस की बूंदों पर पड़ती हैं।
तब लगता है कि जिंदगी की
खूबसूरती यही है जिसने
जीने की चाहत बढ़ाई है।
सचमुच स्वर्ग की तरह 
सुंदर है तू।
प्रकृति तेरे हर कण में
सुंदरता समाई है।

 ✍️ अमृता पुरोहित ( पंचमहल, गुजरात )


शनिवार, नवंबर 19, 2022

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय ऑनलाइन वक्त विशेष साहित्यिक महोत्सव के प्रतिभागी रचनाकार सम्मानित।

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा लोगों को वक्त के महत्व का अहसास करवाने के उद्देश्य से ऑनलाइन वक्त विशेष साहित्यिक महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसका 'विषय - वक्त का महत्व' रखा गया। इस महोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों के रचनाकारों ने भाग लिया। जिन्होंने दिए गए विषय पर आधारित एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट रचनाओं को प्रस्तुत कर महोत्सव की शोभा में चार चाँद लगा दिए और महोत्सव को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस महोत्सव में एक ओर जहां वरिष्ठ रचनाकारों ने रचनाओं में अपनी विशिष्ट साहित्यिक शैली का प्रदर्शन किया तो दूसरी ओर समूह से जुड़े नवीन रचनाकारों ने भी अपनी अनूठी भावनाओं और विचारों से समूह का ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया। महोत्सव में सम्मिलित सभी प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को ऑनलाइन 'पुनीत वक्त गौरव' सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समूह के संस्थापक एवं अध्यक्ष पुनीत कुमार जी ने जीवन में वक्त के महत्व के बारे में बताते हुए सभी लोगों को वक्त के साथ चलने के लिए प्रेरित किया तथा महोत्सव में प्रस्तुत की गई रचनाओं पर अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया देकर रचनाकारों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन किया और सम्मान पाने वाली सभी प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को उज्ज्वल साहित्यिक जीवन की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने हिंदी रचनाकारों को आने वाले ऑनलाइन साहित्यिक महोत्सवों में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सादर आमंत्रित भी किया। इस महोत्सव में उत्कृष्ट रचना प्रस्तुत करके समूह की शोभा बढ़ाने वालों में प्रमुख नाम संध्या शर्मा, भारती राय, स्मिता चौहान, कल्पना यादव रचनाकारों के रहे।

बुधवार, नवंबर 16, 2022

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय ऑनलाइन बाल दिवस साहित्यिक महोत्सव के प्रतिभागी रचनाकार सम्मानित।

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा बाल दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन बाल दिवस साहित्यिक महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसका विषय 'बचपन होता है विशेष' रखा गया। इस महोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों के रचनाकारों ने भाग लिया। जिन्होंने दिए गए विषय पर आधारित एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट रचनाओं को प्रस्तुत कर ऑनलाइन बाल दिवस साहित्यिक महोत्सव की शोभा में चार चाँद लगा दिए और ऑनलाइन बाल दिवस साहित्यिक महोत्सव को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस महोत्सव में भारती राय ( नोएडा, उत्तर प्रदेश ) और संध्या शर्मा ( पटना, बिहार ) द्वारा प्रस्तुत की गई रचनाओं ने समूह का ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया। महोत्सव में सम्मिलित सभी प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को ऑनलाइन 'पुनीत बाल साहित्य रत्न' सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समूह के संस्थापक एवं अध्यक्ष पुनीत कुमार जी ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू जी को कोटि-कोटि नमन करते हुए सभी देशवासियों को उनकी भांति बच्चों से स्नेह करने के लिए प्रेरित किया और महोत्सव में प्रस्तुत की गई रचनाओं पर अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया देकर रचनाकारों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया तथा सम्मान पाने वाली प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को उज्ज्वल साहित्यिक जीवन की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने हिंदी रचनाकारों को समूह द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न ऑनलाइन साहित्यिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सादर आमंत्रित भी किया। इस महोत्सव में उत्कृष्ट रचना प्रस्तुत करके समूह की शोभा बढ़ाने वालों में प्रमुख नाम भारती राय, संध्या शर्मा, कल्पना यादव, स्मिता चौहान रचनाकारों के रहे।

⏲️ वक्त की पहचान ⏲️

"मैं समय हूँ "यह पंक्ति आप सब ने महाभारत धारावाहिक में सुनी होगी। वक्त का हम सब के जीवन में बहुत महत्त्व है। कभी अच्छा तो कभी बुरा वक्त भी आता है, पर हमेशा एक सा नही रहता। बस हमें उस की कद्र करनी चाहिए। हम हमेशा सुनते आए हैं कि वक्त कभी किसी के लिए नही रुकता इसलिए उसका सही उपयोग कर लो वरना उसके गुजरने के बाद आप बस अफ़सोस ही करते रह जाओगे। इस इक्कीसवीं सदी में लोगों को लगने लगा था कि वह वक्त को काबू में कर सकतें हैं, उसे अपने अनुरूप चला सकते हैं। हम सब अपने आने वाले वक्त को अच्छा बनाने के लिए, जिसका यह भी नही पता कि हम उसको देख भी पाएँगे कि नही अपना आज का वक्त खो रहे हैं। और इस का अहसास हमें अभी आई कोरोना महामारी ने करा दिया। कल का किसी को नही पता इसलिए अपने किसी भी कार्य को कल पर ना डालें, उसी वक्त में कर लें, चाहें वह किसी अपने से मिलना हो या दिल की बात कहनी हो । कबीर जी का एक दोहा है,
 "काल करे सो आज कर, आज करे सो अब, 
  पल में प्रलय होएगी, बहुरि करेगा कब"।
तो वक्त रहते वक्त का महत्व पहचानिए वरना वक्त आप को नही पहचानेगा।
        
          ✍️ स्मिता चौहान ( गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश )

🌟 माँ, बच्चों की खुशियों का आधार 🌟

माँ मूर्ति है त्याग की, खान है प्रेम और दया की, माँ ही तो पहचान है, इस सुंदर सृष्टि की। शक्ति का वरदान है माँ, सरस्वती का रूप है, माँ ही इस ...