रविवार, जुलाई 18, 2021

( ** गृहिणी आंगन की शोभा ** )

आई हो जब से बनकर मेरे जीवन में,
हूँ अचंभित देख कई रूप तुम्हारा,
तुम्हें मैं क्या क्या नाम दूँ,
कांता ,वामा ,भार्या या दारा।
पर जीवन सदा समर्पित तुम्हारा,
मेरे आंगन की छांव में।
नहीं हो तुम केवल मात्र गृहिणी,
व्यक्ति हो तुम सिर्फ एक,
पर विद्यमान रहती हो कई संबंधों में।
जीती तुम कई टुकड़ों में,
पर बांध के रखती सबको मजबूत रिश्तो में।
अर्धांगिनी भले नाम तुम्हारा,
पर हो तुम मेरी गृहस्वामिनी।
तुम ही हो मेरी प्रियतमा और तुम्ही मेरी प्राणप्रिया,
तुम ही मेरी वल्लभा और तुम्हीं मेरी वामांगिनी।
सदा तुम मेरे हृदय में बसती,
और कहलाती हिर्दयेश्वरी।
प्राणों से बढ़कर तुम हो मेरी,
तभी तो कहता मैं तुम्हें प्राणेश्वरी।
रूप धर तुम लक्ष्मी का,
गृह में मेरे वास करती हो,
तभी तो मेरे घर की गृहलक्ष्मी कहलाती हो।
शोभा बन के तू संग रहती मेरे,
इसीलिए तो तू सिर्फ गृहिणी नही,
है तू मेरे जीवन की जीवनसंगिनी।

                  ✍️ संजय कुमार गुप्ता ( वाराणसी, उत्तर प्रदेश )



( ** स्वर्ग से सुंदर घर हो हमारा ** )

स्नेहभाव से थामे हाथ,
एक दूजे का करे विश्वास,
थोड़ासा मेरा,थोडासा तेरा,
मिलजुल बनाये घर हमारा।
आत्मीयता की रेशम डोर,
अपनेपन की खिले भोर,
समर्पण भावना रहे सदा,
एक दूजे का साथ सर्वदा।
प्राची की लालिमा सुहानी,
सूरज की किरणें सुनहरी,
सुरभित रंग बिरंगी फुलवारी,
नवागत की गूंजे किलकारी।
प्रेम,दुलार की धारा निर्मल,
आशीर्वाद का तेजस तारा,
दीपमाला आनंद पथ दर्शाये,
दुआयें महकते फूल खिलाये।
घर आंगन खुशियों का डेरा,
परिवार में एक दूजे का सहारा,
जीवन सुंदर नेह उजियारा,
स्वर्ग-सा सुंदर घर हमारा,
स्वर्ग से सुंदर घर हो हमारा।

              ‌ ✍️ चंचल जैन ( मुंबई, महाराष्ट्र )

( ** गृहिणी हूँ मैं ** )

परिवार, फूल सा संसार,
न लगे मोहे पंखुड़ियों का भार, 
करू सहर्ष स्वीकार,
जीना यहां, मरना यहां,
यहीं है मेरा अनुपम जहां!
गृहिणी हूँ मैं, 
सपनों के महल का आधार।
बच्चों के शामियाने की वंदनवार।
जीवनरथ की सारथी,
दौड़ते अश्वों की कठोर लगाम।

लक्ष्य का ध्यास,
मंजिलों की आस।
जीत की प्यास।
अंतरिक्ष का आभास,
परिवार का संबल,
ओढ़ दुआओं का कंबल,
चली हूँ मैं अंतरिक्ष के उस पार।

गृहिणी हूँ मैं।

हौसलों के पंख लिए,
नील गगन का स्वप्न लिए,
सदैव तैयार, होशियार, खबरदार।
शिखरों का पता लिए,
चली मैं क्षितिज के उस पार,
धरती मां के आंचल तले,
छुपने को बेकरार,
पंखों में आग लिए,
फागुन के रंग लिए,
इंद्रधनु सम मुस्कुराने,
कभी धूप, कभी छांव,
चली मैं सपनों के गांव,
साथ हमसफ़र, अंश, प्राण,
सहते, सहलाते वाग्गबाण,
गृहिणी मैं, परिवार है जीव, त्राण।
अंतर में आन, बान, शान,
करु परिवार का कल्याण।
पक्षिणी मैं, है नीड़ ..मेरी जान, जहान।।
हो जाऊ मैं नित कुर्बान।

                     ✍️ कुसुम अशोक सुराणा ( मुंबई , महाराष्ट्र )

( ** आसान नही होता गृहिणी होना ** )

आसान नही होता गृहिणी होना
एक पूरा परिवार संभालना
गृहस्थी का भार अपने कंधों पे लेना
सास ससुर की सेवा करना
बच्चों की देखभाल करना
हर रिश्ते को साथ लेकर चलना
आसान नही होता गृहिणी होना
चुप रहना सबकी सुनना
अपनी इच्छा मार कर जीना
सबकी खुशियों का ध्यान रखना
घर की सफाई करना
खाना बनाना,कपड़े धोना, प्रेस करना
बाजार से सामान लाना
हर वक़्त मशीन की तरह चलती रहना
आसान नही होता गृहिणी होना
बच्चों को स्कूल ले जाना, लाना
स्कूल का काम कराना, 
पति व बच्चों का टिफिन बनाना
घर खर्च का हिसाब रखना
आसान नही होता गृहिणी होना

               ✍️ मीता लुनिवाल ( जयपुर, राजस्थान )

( ** अर्धांगिनी ** )

चलता जिसके बल पर घर है
कहलाती वह जग में संगिनी।
गृहिणी से घर बनता है सुंदर 
सुंदर सी पति की अर्धांगिनी।

सारे सम्बन्ध निभाती हरदम
बड़े जतन से मन से मानवी। 
घरवाली से घर घर है बनता 
चाहे वो भले हो कोई दानवी।
प्रिय सबकी होती वह घर में
कहलाती वह ही वामांगिनी।
गृहिणी से घर बनता है सुंदर 
सुंदर सी पति की अर्धांगिनी।

माता पत्नी और बहू रूप से
रूप अनेकों लिए घरवाली ।
बिन उसके तो घर है अधूरा
वह मकान ही लगता खाली।
घर की लक्ष्मी और सरस्वती
कल्याणी सी जीवनसंगिनी ।
गृहिणी से घर बनता है सुंदर 
सुंदर सी पति की अर्धांगिनी।

घर में भरती है जो उजियारा
होती है सहधर्मिणी वामांगिनी
तिरिया नारी वनिता औ घरनी
जाया जोरू वामा अरु सजनी।
नाम अनेकों काम भी  गुरुतर
दूर करे जीवन की वो  रजनी।
गृहिणी से घर बनता है सुंदर 
सुंदर सी पति की अर्धांगिनी।

                 ✍️  डाॅ० सरला सिंह "स्निग्धा" ( मयूर विहार, दिल्ली )
   

( ** गृहिणी का जीवन ** )

गृहिणी के जीवन में रविवार नहीं होता,  
घर के सारे काम वो करती, 
एक मिनट आराम न करती,
घर परिवार को संभालती, 
सारे उत्सव की जान वो होती,
किसी भी चीज की चाह न करती, 
हर पल प्यार की बौछार करती,
बच्चो की मुस्कान पर अपनी सारी खुशियाँ लुटाती,
हाँ मैं ग्रहणी हूँ, 
पूरे घर की शान मुझसे है,
मेरे से ही दुनिया है,
मेरे से ही सारे त्यौहार है,
भागते दौड़ते जब थक जाती हूं,
अपनी थकान परिवार के प्यार से उतारती,
 छोटी-छोटी बातों में, 
 अपनी खुशी को देखती,
 मैं ग्रहणी हूँ, 
 पूरे घर में खुशियाँ बिखेरतीं हूँ।।
                            
                    ✍️  गरिमा ( लखनऊ, उत्तर प्रदेश )


शनिवार, जुलाई 17, 2021

( ** गृहिणी से ही सजता परिवार ** )

नित सवेरे उठकर, 
पहन लेती हूँ ताज गृहिणी का
ना कोई सर्टिफिकेट, 
ना कोई मिलता मुझे मेडल।
गृहिणी का बस सजता है माथे पर लेवल।

पत्नी, बहू, माँ, भाभी, यही तो है मेरी पहचान
इतने सारे नामों में कहीं खो गया है मेरा नाम
कभी जब ढूंढ़ती हूं वजूद को अपने
अश्कों के धुंधले आईने में
दिखते हैं मेरे बेबस से सिसकते मेरे अरमान

अपने इन्हीं अरमानों को जिया था जो कभी मैंने
आज उन्हीं अरमानों को खोया है सभी मैंने
पलकों पर सजाया था जो ख्वाब कभी
बनकर मोती अश्कों के बिखर गए हैं सभी

सबकी सेवा में तत्पर, दिन-रात लगी रहती हूँ
फिर भी मेरे काम का है कोई मोल नही
बिन पगार का जॉब है कोई मोल नही
अपने कर्तव्यों और फर्ज के तकिए तले 
अपने सपनों को संजोती हूँ

पर अपने सपनों से हर रोज ये वादा करती हूँ
सूरज की सुनहरी किरणें मुझ तक पहुंचेगी जरूर
एक दिन तो ये दुनियां मुझको
मेरे ही नाम से जानेगी जरूर
अपने कर्तव्य पथ पर चलते हुए
हरपल ये सोचा करती हूँ।

मैं गृहिणी हूँ। 
मैं सशक्त हूँ।
मुझसे ही सजता है परिवार, 
मैं परिवार का शान हूँ।
स्वाभिमान से नित सजती हूँ, 
मैं गृहिणी हूँ। 
मैं अनमोल हूँ।

                    ✍️  पुष्पा कर्ण ( धनबाद, झारखंड )



🌟 माँ, बच्चों की खुशियों का आधार 🌟

माँ मूर्ति है त्याग की, खान है प्रेम और दया की, माँ ही तो पहचान है, इस सुंदर सृष्टि की। शक्ति का वरदान है माँ, सरस्वती का रूप है, माँ ही इस ...