शनिवार, जून 25, 2022

🏆 चाँद 🏆








दिल ने पूछा एक रोज़ मुझे,
क्या नाता है तुम्हारा चाँद से
क्यों जगती हो रातों को ? 
मिल कर क्यों खो जाती हो ? 
है जो इतनी ही मोहब्बत उससे 
तो वो क्यों मिलता 
कभी आधा-अधूरा 
तो कभी पूरा ही खो जाता है।
मैं मूक स्तब्ध चाँद तकती रही
फ़िर दिल को समझाया
चाँद के आग़ोश में 
कई ख़्वाब सो रहे मेरे
जागकर गिनती हूँ उन्हें
पूरा कर लाने को पर
यूँ चाँद की करवट से
वो आधे-पूरे और खो जाते हैं
पर ख़्वाब ज़िद्दी हैं मेरे
सुकून सारा चाँद के
आग़ोश में पाते हैं।

✍️ सीमा मोटवानी ( अयोध्या, उत्तर प्रदेश )


🏆 चेहरे पर जो रौनक वो मुस्कान तो नही 🏆






चेहरे पर जो रौनक वो मुस्कान तो नही
चोट गहरी का ये कहीं निशान तो नही

उनसे करें बहाना हम नुकसान तो नही
समझदार है वो अक्ल से नादान तो नही

क्यूं झुके इतना कोई भगवान तो नही
दीन-धर्म उसका बचा ईमान तो नही

मेरे कौल, मेरे वादे, मेरे इरादे, गर है नेक
वक्त भले बदले, बदली जुबान तो नही

जो रखे ना रंजिशे किसी से कभी
इंसान ऐसा मिलना आसान तो नही

किसी को डराना आसान नही होता
इंसान है सब कोई भगवान तो नही

वादे सारे ही निभाते-निभाते इंसान
बदले वक्त मगर ज़ुबान तो नही

उम्र भर नसीबों को कोसते हो क्यूं
नसीब तेरे कर्मो का भुगतान तो नही

क्यों लरजते नही हाथ मार काट से भी
इंसान ही तो हैं हम सब शैतान तो नही

✍️ सुनीता सोलंकी 'मीना' ( मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश )

🏆 जब मुस्कुराते थे तुम 🏆







अद्भुत मनोहर घटा छाती थी जब मुस्कुराते थे तुम 

चहुँ ओर मंजुल छटा बिखर जाती थी जब मुस्कुराते थे तुम 


बिजली सी कौंध जाती थी हृदय में जब मुस्कुराते थे तुम

फूल भी मुस्कुराते थे प्रांगण में जब मुस्कुराते थे तुम


सुख के बादल घिर आते थे जब मुस्कुराते थे तुम

बरसा की बूँदें खुद पे इठलाती थी जब मुस्कुराते थे तुम


चाँदनी चाँद संग निकल आती थी जब मुस्कुराते थे तुम

तारे आँचल में भर सजाती थी जब मुस्कुराते थे तुम


मेरे मन की तन्हाई भी गुनगुनाती थी जब मुस्कुराते थे तुम

सूने आँगन में सुर सजाती थी जब मुस्कुराते थे तुम


                  ✍️ भारती राय ( नोएडा, उत्तर प्रदेश )

शुक्रवार, जून 24, 2022

🏆 उफ्फ यह फैशन 🏆







उफ्फ यह फैशन फैशन
लोग करते कैसन कैसन
चुस्त स्वस्थ शरीर जिसका 
उससे सुन्दर क्या फैशन
आधे फटे आधे कटे कपड़े
का भी काफी परचलन  
कंधे पर से बड़े कट का
सूट और ब्लाउज उसका
जल्दी जल्दी जब पहनने लगी
बांहों के कट में फंसा गला
तब पता चला कंधे का कटाव
और हुआ फैशन से मनमुटाव
पहनते हुए झुंझलाहट में
चिल्ला कर बोली
कोई प्लीज बता दो मुझे
मेरे सूट का गला कहाँ है
कहाँ से पहनूँ अब इसको
पहनने की जद्दोजहद में
फटकर आया हाथ में जब वो
धीमी सी हंसी हंसकर
सहेली बोली बहुत हुआ
अब बस कर, बस कर

✍️ सुनीता सोलंकी 'मीना' ( मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश )

🏆 मोबाइल बड़े काम आता है 🏆








स्मार्ट फोन कब जिंदगी बन गया 
पता ही नही चला
सवेरे उठने से रात में सोते समय 
सब का ध्यान रखता है 
कब दवाई लेनी है
कितनी लेनी है ये भी बताता है
अलार्म बजा के सवेरे जगाता है 
मां की जगह ले ली है इसने 
माँ कहती, चलो एक काम तो कम हुआ
एक बार में न उठो तो 
बारंबार स्नूज करता जाता है 
यह मोबाइल बड़े काम आता है 

शुभ सवेरे के सारे संदेश ले आता है 
जो नही जानते उनके भी 
दोस्ती नई पुरानी बढ़ाता है 
बिछड़े दोस्तों को संग लाता है 
जो छूट गए बिछड़ गए 
उनको करीब लाता है 
नाते-रिश्तेदारों का हाल बताता है 
आवाज सुनो या वीडियो देखो 
परिवार से दूरी के अहसास को
कम करता जाता है 
यह मोबाइल बड़े काम आता है 

समाचार पढ़ लो या देख लो
दुनिया का हाल 
बच्चो की पढ़ाई में 
मददगार है अब तो ये 
रेसिपी सीखो नई-नई 
दुनिया भर के स्वाद को 
रसोई में सिमटा देता है 
कैलकुलेटर, कंप्यूटर, 
टाइपराइटर, अलार्म घड़ी 
सबकी जगह लेकर 
घर में जगह बचाता है 
यह मोबाइल बड़े काम आता है

✍️ प्राप्ति सिंह ( हैदराबाद, तेलंगाना )

🏆 यौवन का नशा 🏆








रेत सी फिसल 
जाती है जवानी
हर एक इंसान की
यही है कहानी
लड़खड़ाते झूमते
यौवन के नशे में लोग
कुछ पता नही कब
बीत जाये जवानी 
मत समझना यौवन
को साश्वत तुम
सत्य से आखिर
क्यों हो विरक्त तुम
जवानी किसी की भी
न ठहरी आज तक
इस नश्वर यौवन से
मत होना आशक्त तुम

✍️ संध्या शर्मा ( पटना, बिहार )

🏆 वृक्ष 🏆











मैं वृक्ष हूँ बहुत सघन 

हूँ चूमता वृहद् गगन 

झूमता पवन में हूँ

बरसात में रहता मगन 


करता हूँ मैं अठखेलियाँ

हर विहग का बसेरा हूँ मैं

तपती भीगती सी ज़िंदगी में 

शीतल छांव का डेरा हूँ मैं 


बसता है जीवन मुझमें भी

हूँ श्वास के लिए सुधा 

प्रकृति का अभिन्न अंग हूँ

औरों से हूँ ज़रा जुदा


हो रवि का ताप 

या घुमड़ आए घटा

पथिक का हूँ मैं आश्रय

हूँ फलों से मिटाता क्षुधा


हाँ, वरदान हूँ धरा पे मैं

सारे संतुलन मुझ ही से हैं

बादल, नदी, वर्षा, पवन

मानव जीवन मुझ ही से है


कल मैं रहा नही अगर

जो कटता रहा रात दिन

जियोगे कैसे तुम मगर

नीर बिन, हवा के बिन 


बुलाओगे अपने अंत को 

जो ऐसे नाश करोगे मेरा

निमंत्रण है तुम्हारा प्रलय को 

जो सर्वनाश करोगे मेरा 


कुल्हाड़ियों को गाड़ दो 

प्रकृति को ज़रा प्यार दो

देखो है चमन कितना सुरम्य

इसको और तुम संवार दो 


✍️ भारती राय ( नोएडा, उत्तर प्रदेश )

🌟 माँ, बच्चों की खुशियों का आधार 🌟

माँ मूर्ति है त्याग की, खान है प्रेम और दया की, माँ ही तो पहचान है, इस सुंदर सृष्टि की। शक्ति का वरदान है माँ, सरस्वती का रूप है, माँ ही इस ...