रविवार, नवंबर 06, 2022

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा आयोजित ऑनलाइन अभिलाषा विशेष साहित्यिक महोत्सव के प्रतिभागी रचनाकार सम्मानित।

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा रचनाकारों को मन की भावनाओं व इच्छाओं को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर देने के उद्देश्य से ऑनलाइन अभिलाषा विशेष साहित्यिक महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसका 'विषय - अभिलाषा' रखा गया। इस महोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों के रचनाकारों ने भाग लिया। जिन्होंने दिए गए विषय पर आधारित एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट रचनाओं को प्रस्तुत कर महोत्सव की शोभा में चार चाँद लगा दिए और महोत्सव को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस महोत्सव में एक ओर जहां वरिष्ठ रचनाकारों ने अपनी विशिष्ट साहित्यिक शैली का प्रदर्शन किया तो दूसरी ओर समूह से जुड़े नवीन रचनाकारों ने भी अपनी अनूठी भावनाओं और इच्छाओं से समूह का ध्यान आकर्षित किया। इस‌ महोत्सव में सम्मिलित सभी प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को ऑनलाइन 'पुनीत साहित्य शशि' सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समूह के संस्थापक एवं अध्यक्ष पुनीत कुमार जी ने स्थिर मन की भावनाओं व इच्छाशक्ति को किसी भी उद्देश्य की प्राप्ति का महत्वपूर्ण साधन बताते हुए लोगों को अपने संघर्ष भरे जीवन में चाह से राह बनाने के लिए प्रेरित किया तथा महोत्सव में प्रस्तुत की गई रचनाओं पर अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया देकर रचनाकारों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया और सम्मान पाने वाले सभी प्रतिभागी रचनाकारों को उज्ज्वल साहित्यिक जीवन की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने हिंदी रचनाकारों को आने वाले ऑनलाइन साहित्यिक महोत्सवों में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सादर आमंत्रित भी किया। इस महोत्सव में उत्कृष्ट रचना प्रस्तुत करके समूह की शोभा बढ़ाने वालों में प्रमुख नाम प्राप्ति सिंह, सीमा मोटवानी, कल्पना यादव, रंजन लाल 'बेफिक्र' रचनाकारों के रहे।

शुक्रवार, नवंबर 04, 2022

💞 इच्छा 💞



    



    
    अभिलाषा !
    गूढ़ अर्थों वाला,   
    आसान सा शब्द, 
    समेटे है,
    लालसाओं के पहाड़,
    जो ! 
    पलते चले आ रहे हैं,
    तुम्हारे जन्म के समय से,
    उसे !
    पोषित, पल्लवित किया गया,
    खूब !
    तुम ! तैयार किये गये,
    किसी के स्वप्नों की,
    प्रतिपूर्ति हेतु,
    सच है !
    मनुष्य !
    कुछ नही, बस !
    इच्छाओं का पुलिन्दा है,
    इच्छा को त्याग कर,
    जीना नहीं आया उसे !
     खूब किये गये,
     ढोंग ! "सन्यास" के,
     परन्तु !
     लालसायें समृद्ध होती गईं,
     और समृद्ध होता गया,
     अन्तहीन इच्छाओं का स॔सार !
      इच्छाओं को मारकर भी,
      जिया है कोई !
      कोशिश भारी पड़ेगी !
      अस्तित्वहीनता का क्षण होगा,
      जब हो जायेगा मनुष्य निर्लिप्त !

        ✍️ कल्पना यादव ( कानपुर, उत्तर प्रदेश )

💞 हसीन चाहत 💞








देख कितनी हसीन चाहत है,
खास उनके लिए मुहब्बत है।।

टूट कर चाहना तुम्हें हर पल,
इस तरह हो रही इबादत है।।

फिर न हो ये उदास आंखे अब,
हर खुशी बस तेरी अमानत है।।

ख़्वाब इक जिंदगी मुकम्मल का,
इश्क़ की कर रहा हिफाज़त है।।

तेरे लब पर हँसी रहे कायम,
मांगते बस खुशी की दौलत है।।

आप की चाहते सभी दिल की,
आरज़ू में मेरी सलामत है।।

तुम निगाहों में कैद रहती हो,
फिक्र करना हमारी आदत है।।

इस नज़र को पढ़ा है बस हमने,
मुझको खत की कहां ज़रूरत है।।

एक बेफिक्र ख़्वाहिश चाहत,
जिंदगी की अदीब चाहत है।।
 
✍️ रंजन लाल 'बेफिक्र' ( इंदौर, मध्य प्रदेश )

गुरुवार, नवंबर 03, 2022

💞 अभिलाषाएं 💞








एक अभिलाषा तुम्हें लिख 
दूँ कहीं आदि से अंत तक
पुकारूं तुम्हारा नाम कंठ से
जो गूँजे अवनी से अम्बर तक

एक अभिलाषा तुम्हें देखूं
सितारों की झिलमिल चादर
पर चाँद को लेकर हाथों में
आलिंगन कर मौन का

एक अभिलाषा की करूं
एक अनन्त यात्रा संग तुम्हारे 
जो तय करती हो दूरी तुम्हारे
हृदय से मेरे अंतर्मन तक

पर कुछ अभिलाषाएं रहती
साथ हमारे मन मंदिर में 
प्रार्थनाओं की स्वीकृति तक
अभिलाषायें ही बन कर...

✍️ सीमा मोटवानी ( अयोध्या, उत्तर प्रदेश )

मंगलवार, नवंबर 01, 2022

💞 एक आखिरी चाहत 💞








कोई नहीं समझ सकता
मेरा मन क्या सोचता है 
कैसे सोचता है
अब किसी को समझाने की 
ताकत नही मुझमें

हो तुम मुझसे अब दूर बहुत दूर
थक गई हूँ, उलझ गई हूँ
कोई नही जो इस उलझन को सुलझा सके

नही चाहती कोई मुझे समझे 
दूर, दुनिया से बहुत दूर 
चली गई हूँ

या दूर कर दिया मुझे 
तुमने
मेरी दुनिया से 
छीन लिया मुझसे 
जो सब था ...कभी मेरा 

क्यों
काश ! तुम्हे बता सकती ! 
दुःख ये नही 
कि 
तुमने ये किया 

दुःख ये है 
इन सबके बाद भी 
हम साथ नही
फिर क्यों 
अपने इश्क में 
दीवाना बनाया मुझे 

काश ! तुम समझ सकते 
दिल दिमाग सब उलझ गया है 
क्या करूं, क्या नहीं
कुछ समझ नही आता 

तुम इतनी दूर हो 
धुंधले से 
मुझे अब ये चाहत ही नही 
कि जानूं 
मेरा मन क्या सोचता है 
क्या चाहता है ?

हाँ, अब भी एक चाहत है 
केवल एक 
सब कुछ हो जाए वैसा 
तुमसे मिलने के पहले था जैसा 

ये दर्द, ये खामोशी ये तन्हाई 
जो आत्मसात हो गई है 
काश .. मुझे छुटकारा मिल सके 

जो तुम मेरे पास होते 
तो शायद समझ सकते 
मगर तुम्हारा वजूद तो धुंध है 
पास दिखता तो है, पर है दूर बहुत दूर 

अब चाहत ही नही
तुम्हारी बातों 
तुम्हारे बहानों पर विश्वास करूं
कि तुम आओगे कभी
होगा सब पहले जैसा 

अपनी चाहतों को दफ़न कर 
अब बढ़ जाऊंगी आगे......
दूर बहुत दूर 
चाहतों से भी 
तुमसे भी.......

✍️ प्राप्ति सिंह ( हैदराबाद, तेलंगाना )

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा आयोजित ऑनलाइन श्रृंगार विशेष साहित्यिक महोत्सव के प्रतिभागी रचनाकार सम्मानित।

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा श्रृंगार के महत्व, विशेषता तथा उपयोगिता को दर्शाने के लिए ऑनलाइन श्रृंगार विशेष साहित्यिक महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसका 'विषय - श्रृंगार है विशेष' रखा गया। इस महोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों के रचनाकारों ने भाग लिया। जिन्होंने एक से बढ़कर एक बेहतरीन श्रृंगार के महत्व तथा विशेषता पर आधारित रचनाओं को प्रस्तुत कर ऑनलाइन श्रृंगार विशेष साहित्यिक महोत्सव की शोभा में चार चाँद लगा दिए। इस महोत्सव में सम्मिलित प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को ऑनलाइन 'पुनीत शब्द दीप' सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समूह के संस्थापक एवं अध्यक्ष पुनीत कुमार जी ने‌ महिलाओं के जीवन में श्रृंगार के महत्व को बताते हुए महोत्सव में प्रस्तुत की गई रचनाओं पर अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया देकर रचनाकारों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन किया तथा सम्मान पाने वाली प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को उज्ज्वल साहित्यिक जीवन की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने हिंदी रचनाकारों को समूह द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न ऑनलाइन साहित्यिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सादर आमंत्रित भी किया। इस महोत्सव में उत्कृष्ट रचना प्रस्तुत करके समूह की शोभा बढ़ाने वालों में प्रमुख नाम सम्पदा ठाकुर, भारती राय, गरिमा और रंजन लाल 'बेफिक्र' रचनाकारों के रहे।

शनिवार, अक्टूबर 29, 2022

👰 दुल्हन 👰








दुल्हन का श्रृंगार किए प्रिय,
तुम्हारे पास में आऊंगी,
जब तुम देखोगे मुझे,
तो मैं खुद से शरमाऊंगी
बनकर तुम्हारी दुल्हन आज,
जन्नत मुझको मिल गई,
सोलह श्रृंगार किये मैंने,
तुमको मैं रिझा रही हूँ।
खनक रही है चूड़ी मेरे हाथों में,
पायल के घुंघरू तुम्हें बुलाते है।
हाथों में सजी मेहंदी तेरे नाम की,
प्रिय तुम्हें पास बुलाती है।
कितने सालों से इंतजार था मुझे,
कब आऊं सोलह श्रृंगार किये प्रिये,
मेरे श्रृंगार के सामने,
चांद की चांदनी भी फीकी लगती है,
आज मैं सोलह श्रृंगार करके,
खुद से शरमा रही हूं।
तुम्हारी मस्ती भरी आंखों से,
मैं अपने आप को निहार रही हूँ।
तुम जो सामने मेरे आए,
मैं खुद से शरमा रही हूं।।

✍️ गरिमा ( लखनऊ, उत्तर प्रदेश )

🌟 माँ, बच्चों की खुशियों का आधार 🌟

माँ मूर्ति है त्याग की, खान है प्रेम और दया की, माँ ही तो पहचान है, इस सुंदर सृष्टि की। शक्ति का वरदान है माँ, सरस्वती का रूप है, माँ ही इस ...