मंगलवार, नवंबर 17, 2026

पुनीत अनुपम ग्रुप द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय ऑनलाइन ‘चाह राह साहित्यिक महोत्सव’ के प्रतिभागी रचनाकार सम्मानित।

पुनीत अनुपम ग्रुप द्वारा इच्छाशक्ति के महत्व को दर्शाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन ‘चाह राह साहित्यिक महोत्सव' का आयोजन किया गया। जिसमें रचनाकारों को दस अलग-अलग विषयों के विकल्प देकर उनमें से किसी एक विषय का चयन करके चयनित विषय पर आधारित रचना लिखने के लिए कहा गया। इस महोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों के रचनाकारों ने भाग लिया। जिन्होंने दिए गए विषयों पर आधारित एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट रचनाओं को प्रस्तुत कर महोत्सव की शोभा में चार चाँद लगा दिए और महोत्सव को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस महोत्सव में एक ओर जहां वरिष्ठ रचनाकारों ने अपनी विशिष्ट साहित्यिक शैली का प्रदर्शन किया तो दूसरी ओर ग्रुप से जुड़े नवीन रचनाकारों ने भी अपनी अनूठी भावनाओं और विचारों से ग्रुप का ध्यान आकर्षित किया। महोत्सव में सम्मिलित प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को ऑनलाइन 'पुनीत साहित्य अलंकार' सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्रुप के संस्थापक एवं अध्यक्ष पुनीत कुमार जी ने इच्छाशक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्ति की इच्छाशक्ति ही अक्सर उसे कार्य करने को प्रेरित करती है। व्यक्ति अगर मन में ठान ले तो अपनी इच्छाशक्ति के द्वारा कठिन लगने वाले कार्यों को भी आसानी से कर सकता है। इसके साथ ही उन्होंने महोत्सव में प्रस्तुत की गई रचनाओं पर अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया देकर रचनाकारों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन किया तथा सम्मान पाने वाली सभी प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को उज्ज्वल साहित्यिक जीवन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने ग्रुप द्वारा आयोजित होने वाले भिन्न-भिन्न ऑनलाइन साहित्यिक कार्यक्रमों में रचनाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सादर आमंत्रित भी किया। इस महोत्सव में उत्कृष्ट रचना प्रस्तुत करके ग्रुप की शोभा बढ़ाने वालों में प्रमुख नाम रत्ना वाधवानी, डॉ० कुमार धीरेन्द्र, स्वीटी श्रीवास्तव, डॉ० सूर्य प्रताप राव रेपल्ली, नीतू सिंह चौहान, अरुणा चतुर्वेदी, पंकज कुमार सिंह चौहान, दीपक कुमार 'दीप’, मोनिका लक्ष्मण वलकुंदे रचनाकारों के रहे।

शुक्रवार, नवंबर 13, 2026

🍁 आओ ! रिश्ता जोड़ें प्रकृति से 🍁









कभी पेड़ों की छाँव में,

सुकून से बैठा करता था इंसान,

आज उन्हीं पेड़ों को काटकर,

खोज रहा है अपनी पहचान।


नदियों ने अमृत बाँटा,

पहाड़ों ने धैर्य सिखाया,

धरती ने आँचल फैलाकर,

हर जीव को गले लगाया।


बदले में हमने क्या दिया ?

कुछ ज़ख्म, कुछ वीरानियाँ,

धुएँ में घुटती साँसें दीं,

और छीन लीं हरियालियाँ।


अब पंछियों के गीत नहीं,

शोर शहरों का सुनाई देता है,

बारिश की बूँदों में भी अब,

डर का मौसम दिखाई देता है।


प्रकृति कभी बदला नही लेती,

बस अपना संतुलन खो देती है,

जब सहनशक्ति की सीमा टूटे,

तो अपनी भाषा में रो देती है।


अभी भी वक्त है, लौट चलें,

उस मिट्टी के विश्वास की ओर,

एक पौधा ही सही, लगा दें,

आने वाली हर साँस की ओर।


न धन माँगती, न महल माँगती,

बस थोड़ा-सा सम्मान माँगती है,

जिस धरती ने जीवन दिया,

वही धरती जीवनदान माँगती है।


आओ ! रिश्ता जोड़ें प्रकृति से,

इस मिट्टी से, पेड़ों से, नदियों से,

प्रकृति बचेगी तो मानव बचेगा, 

प्रकृति प्रेमियों की पुकार यह सदियों से।


✍️ मोनिका लक्ष्मण वलकुंदे ( पुणे, महाराष्ट्र )

गुरुवार, नवंबर 12, 2026

👩‍💼 नारियां इतिहास गढ़ने लगी हैं 👩‍💼









नारियां अब चांद छूने आसमां चढ़ने लगी हैं।

देखिये हर रोज ही इतिहास ये गढ़ने लगी हैं।।


रूढ़ियों के बंधनों को तोड़कर के नारियां अब।

हौसलों से नित नये आयाम पर बढ़ने लगी हैं।।


खौफ कोई अब नहीं आजाद हो कर जी रही वह। 

पंक्षियों सी गगन में ले पर नये उड़ने लगी हैं।।


मुश्किलों से ना डरी वो पार हर बाधा किया है।

राह के हर कंटकों से रात-दिन लड़ने लगी हैं।।


ज्ञान की उर में जलाकर लौ उजाला कर रही वो।

जब कभी भी रूढ़ियां बन शूल हिय गड़ने लगी हैं।।


✍️ नीतू सिंह चौहान ( लखनऊ, उत्तर प्रदेश )

🌈 🎏 मंज़िल बस चार कदम दूर 🌈🎏









माना सफर लंबा है तेरा,

और शरीर थकान से चूर है,

पर तू चलता जा ऐ दोस्त, 

क्यूंकि मंज़िल बस चार कदम दूर है।


माना राह में काँटे हैं, 

और हर मोड़ पर इम्तिहान ज़रूर है, 

पर जीत निश्चित है तेरी,

अगर तुझ में जीतने का जज़्बा भरपूर है।


माना वक्त की मार है, 

और किस्मत भी तुझसे थोड़ी-सी दूर है, 

हारकर बैठ गया जो तू बीच राह में, 

फिर किस्मत का क्या क़ुसूर है ?


माना अँधेरा घना है, 

और उजाले का होना अभी ज़रूर है, 

अपने भीतर उम्मीद का दीप जला, 

हर रात के आगे सवेरा ज़रूर है।


माना गिरकर संभलना आसान नही, 

पर कोशिशों का अपना ही सुरूर है, 

जो चलता रहा मुश्किलों के बावजूद, 

उसके क़दमों में ही जीत का नूर है।


माना दुनिया सवाल उठाएगी, 

और ताने सुनना भी दस्तूर है, 

अपने कर्मों पर भरोसा रखना, 

क्या हुआ जो तू अभी मजबूर है।


माना अपने भी रूठ जाएँगे, 

और अपनों से मिलना भी दूर है, 

दिल में नफरत को जगह मत देना, 

मोहब्बत ही सबसे बड़ा गुरूर है।


माना मंज़िल अभी धुँधली है,

और आँखों में सपनों का हुजूम भरपूर है, 

नज़रें अपने लक्ष्य पर टिकाए रखना, 

तेरी कोशिशों में ही जीत का नूर है।


माना कई बार टूटेगा हौसला, 

और आँखों में आँसुओं का दस्तूर है, 

हर आँसू को अपनी ताक़त बना लेना, 

तेरे भीतर भी एक समंदर ज़रूर है।


माना सफर में देर होगी, 

पर मेहनत का फल मिलना ज़रूर है, 

जो धैर्य के साथ बढ़ता जाएगा, 

तभी खुलना हर बंद दरवाजा ज़रूर है।


प्रत्येक मंज़िल तक पहुँचने में, 

समय कुछ लगता ज़रूर है,

पर राह में रुकना नही मेरे दोस्त, 

क्यूंकि मंज़िल बस चार कदम दूर है।


✍️ दीपक कुमार 'दीप' ( जम्मू तवी, जम्मू-कश्मीर )

👩 बेटी की विशेषता 👩

एक कन्या विद्यालय में नई अध्यापिका आईं। वे अत्यंत सुंदर, शिक्षित और सौम्य स्वभाव की थीं। उनकी आयु विवाह योग्य सीमा से कुछ अधिक हो चुकी थी, फिर भी उन्होंने विवाह नही किया था। विद्यालय की छात्राएँ अक्सर उनके बारे में तरह-तरह के अनुमान लगाती रहती थीं। एक दिन विद्यालय के वार्षिक समारोह के बाद कुछ छात्राएँ उनके पास खड़ी थीं। तभी एक जिज्ञासु छात्रा ने विनम्रता से पूछा, "मैडम, आपने अब तक विवाह क्यों नहीं किया ?" अध्यापिका कुछ क्षण मौन रही। फिर वो मुस्कराकर बोली, "मैं तुम्हें एक कहानी सुनाती हूँ। उसी में तुम्हारे प्रश्न का उत्तर छिपा है। "उन्होंने कहना प्रारंभ किया —

"एक परिवार में एक दंपति रहता था। पति को पुत्र की अत्यधिक इच्छा थी। लेकिन ईश्वर की इच्छा से उनके घर लगातार पाँच बेटियाँ जन्मी। जब पत्नी छठी बार गर्भवती हुई, तो पति ने क्रोधित होकर कहा, 'यदि इस बार भी बेटी हुई, तो मैं उसे किसी चौराहे पर छोड़ आऊँगा। 'बेचारी माँ यह सुनकर भीतर ही भीतर टूट गई। वह जानती थी कि संतान का लिंग मनुष्य के हाथ में नही होता। उसने भगवान से प्रार्थना की, लेकिन इस बार भी बेटी ही हुई। पिता ने अपनी प्रतिज्ञा निभाने के लिए उस नवजात बच्ची को रात के अँधेरे में शहर के एक सुनसान चौराहे पर छोड़ दिया। माँ पूरी रात रोती रही और भगवान से उसकी रक्षा की प्रार्थना करती रही।

अगली सुबह पिता यह देखने गया कि बच्ची का क्या हुआ। उसने देखा कि वह अब भी वहीं जीवित पड़ी है। वह उसे वापस घर ले आया। किंतु अगली रात फिर उसे उसी स्थान पर छोड़ आया। कई दिनों तक यही क्रम चलता रहा। हर बार वह बच्ची सुरक्षित मिल जाती और पिता उसे विवश होकर घर ले आता। आख़िरकार पिता ने इसे ईश्वर की इच्छा मानकर उसे स्वीकार कर लिया।

कुछ समय बाद माँ फिर गर्भवती हुई और इस बार पुत्र का जन्म हुआ। किन्तु दुर्भाग्यवश उसी वर्ष छह बेटियों में से एक बेटी का निधन हो गया। इसके बाद जब भी पुत्र जन्म लेता, संयोगवश बेटियों में से एक इस संसार से विदा हो जाती। धीरे-धीरे पाँचों बेटियाँ काल के गाल में समा गईं। अंत में केवल एक ही बेटी जीवित बची—वही, जिसे उसके पिता कभी घर से दूर छोड़ आना चाहते थे। इतना कहते-कहते अध्यापिका की आँखें नम हो गई। उन्होंने आँसू पोंछे और आगे बोली —

"वह जीवित बची बेटी मैं ही हूँ।" पूरा कक्ष एकदम शांत हो गया।

उन्होंने आगे कहा —

"कुछ वर्षों बाद मेरी माँ का भी देहांत हो गया। मेरे पाँचों भाई बड़े होकर अपने-अपने परिवारों में व्यस्त हो गए। सभी अलग-अलग रहने लगे। आज मेरे पिता इतने वृद्ध हो चुके हैं कि अपने हाथों से भोजन भी नही कर सकते। उनकी देखभाल करने वाला घर में कोई नही है। इसलिए मैंने विवाह नही किया। मैं अपने पिता की सेवा को ही अपना सबसे बड़ा धर्म मानती हूँ।"

उन्होंने भावुक होकर कहा —

"आज मेरे पिताजी प्रतिदिन आँसुओं के साथ मुझसे कहते हैं — 'बेटी, बचपन में मैंने तेरे साथ जो अन्याय किया, उसके लिए मुझे क्षमा कर दे।”

फिर अध्यापिका ने एक और प्रसंग सुनाया। "एक पिता अपने छोटे बेटे के साथ खेल रहे थे। बेटे का उत्साह बढ़ाने के लिए पिता जानबूझकर हार जाते थे। पास बैठी छोटी बेटी यह देखकर रो पड़ी। वह दौड़कर अपने पिता से लिपट गई और बोली —

'पापा, आप मेरे साथ खेलिए। मैं आपकी जीत के लिए खुशी-खुशी हार जाऊँगी।”

अध्यापिका ने मुस्कराते हुए कहा —

"यही होती है बेटी की विशेषता। वे केवल जन्म नही देती, बल्कि अपने प्रेम, त्याग, सेवा और समर्पण से पूरे परिवार को जीवन भर सँभालती हैं।"


✍️ पंकज कुमार सिंह चौहान ( इटावा, उत्तर प्रदेश )

🧍‍♂️दीवाना🧍‍♂️









आँखों से बात करके, दीवाना बना गया।

कोई यूँ जिंदगी को मेरी, फ़साना बना गया।


वो आया ही सामने, कुछ देर के लिए।

मेरे दिले नासाज़ को, परवाना बना गया।


कब से हकीकतों से, पाला नही पड़ा।

बस एक झूठ को, निशाना बना गया।


मेरे ही सामने मेरा, ले गया सब कुछ।

ख़्वाबों में ही मेरा, आशियाना बना गया।


करते रहे इंतज़ार हम, उसका देर तलक।

पर वो बेकद्र, ना आने का बहाना बना गया।


✍️ डॉ० कुमार धीरेन्द्र ( अल्मोड़ा, उत्तराखंड )

👩‍🏫 स्वाभिमान से समझौता स्वीकार नही 👩‍🏫









प्राप्त अधिकारों पर गर्व करना 

स्वाभिमान है अहंकार नही

अधिकारों संग कर्तव्यों से मुझे इंकार नही

पर स्वाभिमान से समझौता स्वीकार नही


लोगों की मदद को इंसानियत समझती

नेकी करती रोज पर मानती उपकार नही 

संघर्ष किया है आगे भी संघर्ष कर लूँगी 

पर स्वाभिमान से समझौता स्वीकार नही


सम्मान के बदले सम्मान मांगती 

बड़ो के आगे झुकने में हार नही 

कोई बाँध सके तो बाँध ले बंधन में 

पर स्वाभिमान से समझौता स्वीकार नही


विचार-स्वभाव में थोड़ी आधुनिक हूँ 

पर पुराने रिवाज़ो को करती दरकिनार नही 

पीड़ा मिले तो पीड़ा भी कबूल है मुझे 

पर स्वाभिमान से समझौता स्वीकार नही


खुद के उसूलों पर चली हूँ जीवन भर 

इसलिए विपत्ति से भागने को मन तैयार नही 

आवश्यकता पड़ी तो त्याग दूंगी मैं हर रिश्ता 

पर स्वाभिमान से समझौता स्वीकार नही


✍️ रत्ना वाधवानी ( भोपाल, मध्य प्रदेश )

👩‍🏫🙍‍♀️👩‍💼 स्त्री की स्वयं से पहचान 👩‍💼🙍‍♀️👩‍🏫

जब एक स्त्री स्वयं को पहचानती हो, तो “उस स्त्री को मजबूत बनाने के लिए उसे दुनिया से लड़ना नहीं सिखाना चाहिए, बल्कि उसे स्वयं पर विश्वास करना...