मंगलवार, नवंबर 10, 2026

👩‍💼 स्त्री मन की अनकही चाहत 👩‍💼









कभी चाहती हूँ, कोई मुझे भी पढ़े,

मेरे अनकहे एहसासों तक बिना कहे पहुँचे।

हर बार मेरी मुस्कान को खुशी न समझे,

कभी आँखों में पल रहे सवाल भी पढ़े।


कभी मन करता है सबकुछ छोड़कर खो जाऊँ,

कुछ पल अपने साथ बिताऊँ और खुद की हो जाऊँ।

न किसी की हो पुकार, न कोई हो जिम्मेदारी,

बस अपने मन की सुनुँ और मुस्कुराऊँ।


कुछ पुराने शौक फिर से जगाऊँ,

बीते दिनों की धूल हटाकर....

अपने पसंद के रंगों से अपना नया संसार सजाऊँ।


कभी-कभी बिना वजह सजने का मन बनाऊँ, 

कभी यूँ ही किसी राह पर निकलना चाहूँ।

कभी कोई किताब अधूरी पढ़ छोड़ू,

तो कभी पूरी रात कोई कविता लिख डालूँ।


मेरी चाहत है कि मेरे सपनों की भी उम्र हो,

उनके पूरा होने की कोई निश्चित सीमा ना हो।

जो कल तक ना कर पाई वह आज कर पाऊं,

अपने मन की अधूरी बातों को आकार दे पाऊं।


कभी मेरी बात भी बिना तौले सुनी जाए,

मेरी पसंद को भी थोड़ी जगह दी जाए।

हर फैसले में मुझे अपनी सफाई ना देनी पड़े,

मेरे विचारों की भी महत्वता समझी जाए।


मैं रिश्तो को पूरे मन से निभाना चाहूँ,

मगर उनमें खुद को कभी खोना ना चाहूँ।

सबके जीवन में रंग भरते-भरते,

अपने हिस्से की भी रंगत बचाना चाहूँ ।


मुझे हर बार मजबूत नही दिखना,

कभी मन की सुन थोड़ा ठहरना चाहूँ।

कोई ऐसा अपना मिले मुझको,

जिसके पास बैठ मन हल्का करना चाहूँ।


और हां……

अभी तो बहुत कुछ करना बाकी है,

कुछ राहें चुननी है कुछ मंजिले पानी है।

उम्र के इस पड़ाव को पूर्ण विराम क्यों मानूं ?

मेरे भीतर तो अभी कितनी शुरुआतें बाकी हैं।


मैं किसी से आगे निकलना ना चाहूँ 

बस पीछे खुद से छूटना ना चाहूँ।

बस यही अनकही चाहत मेरे इस स्त्री मन की,

कि मेरी जिंदगी में मेरा अपना अस्तित्व बाकी हो।

मैं सबकी होकर भी अपनी बनी रहूँ,

और मेरी पहचान में मेरा नाम भी शामिल हो।।


✍️ स्वीटी श्रीवास्तव ( वाराणसी, उत्तर प्रदेश )

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

💞💞 …..अब दिल में बस गई…..💞💞

थी यादों में हमेशा, अब दिल में बस गई.... हुई मुद्दतों बाद, उससे जो मुलाक़ात हुई,                आँखों ही आँखों में, फिर वही बात हुई। चाहत का...