मंगलवार, नवंबर 10, 2026

💞 मेरी पहली मोहब्बत 💞









कभी अनकही-सी बातों में कोई एहसास जगता है,

बंद पलकों के सपनों में कोई चेहरा सजता है।

न जाने कैसी हलचल है, न जाने कैसी खुमारी है,

ये पहली मोहब्बत है, जो हमको सबसे प्यारी है।


बिन बोले ही आँखों से कुछ पैगाम आते हैं,

खामोशियों में भी जैसे नग़मे गुनगुनाते हैं।

दिल को भी कहाँ मालूम, ये सिलसिला क्या है,

मगर लगता है जैसे कोई अपना मिल गया है।


मेरे हमदम, मेरी पहली मोहब्बत,

मेरे जीवन का सबसे खूबसूरत एहसास तुम,

इस जन्म ही नही, हर जन्म में,

मेरी चाहत और मेरा विश्वास तुम।


हर पल में तुम, हर क्षण में तुम,

प्रार्थना भी तुम, हर साँस का संगीत भी तुम।

मेरे लिए राह भी तुम, मेरी मंज़िल भी तुम,

जीवन की सबसे सुंदर परिणति भी तुम।


जब कभी जीवन की राह में तुम्हारे कदम

लड़खड़ाए, तो मैंने तुम्हें थामा है…

और जब कभी मैं भीतर से टूटी,

तुमने मौन रहकर भी मुझको सँभाला है।


कभी तुम मेरी शक्ति बने,

कभी मैं तुम्हारा संबल बनी,

कभी तुमने मेरी खामोशी पढ़ी,

कभी मैं तुम्हारी मुस्कान की वजह बनी। 


यही तो प्रेम की पराकाष्ठा है,

जहाँ दो अस्तित्व एक-दूजे में ढल जाते हैं,

एक की पीड़ा दूजे की संवेदना बनती है,

और दो हृदय मिलकर एक जीवन कहलाते हैं। 


तुम केवल मेरे जीवनसाथी नही,

मेरे विश्वास की अडिग आधारशिला हो,

मेरे मन-मंदिर में अनवरत प्रज्वलित,

प्रेम और समर्पण का पावन दीप हो।


पति रूप में स्नेह का विस्तार हो तुम,

पिता रूप में वात्सल्य की अनुपम मिसाल,

तुम्हारे स्नेहिल स्पर्श से महकता है घर,

तुमसे ही रोशन है खुशियों का हर संसार।


तुम्हारी छाँव में सपने पलते हैं,

तुम्हारे सान्निध्य में रिश्ते सँवरते हैं,

तुम्हारे होने भर से ही तो,

हमारे घर के आँगन में खुशियों के फूल खिलते हैं।


तुम्हारे बिना मेरा अस्तित्व अधूरा-सा लगता है,

तुम हो तो मेरा हर पल अर्थपूर्ण लगता है।

मेरी पहचान, मेरी खुशियाँ, मेरी हर धड़कन तुमसे है,

तुम हो तभी तो मैं हूँ, मेरा होना भी तुमसे है।


चाह बस इतनी कि युगों-युगों तक संग हमारा रहे,

जितनी भी साँसें शेष रहें, उन पर नाम तुम्हारा रहे।

न बदले प्रेम, न बदले चाहत, न बदले अपना प्यार,

हर जन्म में तुम ही हमसफ़र हो, तुम ही मेरा संसार। 


✍️ अरुणा चतुर्वेदी ( बूंदी, राजस्थान )

1 टिप्पणी:

  1. हृदय की गहराइयों से पुनीत अनुपम पेज का बहुत-बहुत आभार एवं धन्यवाद, जिन्होंने मेरी रचना को अपने प्रतिष्ठित पेज पर स्थान देकर मुझे सम्मानित किया।

    जवाब देंहटाएं

💞💞 …..अब दिल में बस गई…..💞💞

थी यादों में हमेशा, अब दिल में बस गई.... हुई मुद्दतों बाद, उससे जो मुलाक़ात हुई,                आँखों ही आँखों में, फिर वही बात हुई। चाहत का...