मंगलवार, जुलाई 20, 2021

* तेरा आना *

ठुमक ठुमक कर तेरा यूँ चलना,
पल-पल नूपुर की ध्वनि का यूँ बजना,
घर आंगन को हैं महकाता।
बन मेरी "आंखों का तारा"
मेरी सांसों में है तू बस जाता।

तेरी तुतली-तुतली बातों पर, 
मन मेरा सदैव है मुस्काता;
बस देख देख कर ही तुझको,
झंकृत मेरा चितवन हो जाता;
बनकर घर में सबकी "आंखों का तारा"
ना जाने तू कैसे सभी को मोहित कर जाता।

ओझल जो एक पल तू हो जाता,
जीना सबका दुश्वार हो जाता;
तेरा रूठना, जिद करना,
फिर प्यार से मेरा आलिंगन कर लेना,
दोनों जहां की खुशियां, मुझको है दे जाता;
बन हम सबकी "आंखों का तारा"
घर आंगन सबको महकाता।

देख देखकर तुझको,
पुलकित, हर्षित हो जाते हैं;
सुन तेरी किलकारियों की गूंज,
हर दिन दिवाली बन जाती हैं;
मुख से सुन तेरे मां,
पल-पल निहाल हो जाती हूँ;
गोद में आकर जब तू बैठता,
अपनत्व के एहसास से भर उठती हूँ;
है तू मेरी "आंखों का तारा"
तुझ बिन जीना नहीं मुझे गंवारा।

बलिहारी जाऊं मैं तुझ पर,
मिले ईश्वर का हर पल आशीष तुझे,
बस यही विनम्र प्रार्थना पल पल मैं कर जाती हूँ।
मिले जहां की सारी खुशियां तुझे
यही आशीष सुबह शाम तुझ पर लुटाती हूँ।

       ✍️ अनुपमा तोषनीवाल ( कोलकाता, पश्चिम बंगाल )




* एकता में शक्ति *


 
उठो ! नौजवान, जाग उठो ! तुम,
 देश की खातिर आगे आओ,
 भूल भेदभाव की बातों को,
 मानवता का सार पढ़ाओ,
 कदम बढ़ाओ,
 एक और एक ग्यारह हो जाओ,
 चल रही नफरत की आंधी,
 उस आंधी को शांत कराओ,
 बिछड़ते दिलों में अखंडता का दीप जलाओ,
 भिन्न धर्म है भिन्न प्रांत हैं, भाषाएं, वेशभूषा भिन्न,
 किंतु लहू का रंग एक है,
 बूंद-बूंद से सागर बनता,
 एक-एक मोती से माला,
 दुश्मन खड़ा सरहद पर,
 विचारों की लड़ाई में ,
 तोड़ रहा हमें आपस में उलझा कर,
 है इतिहास गवाह कि जब-जब हम विलग हुए हैं,
 गुलामी में कैद हुए,
 मत तोड़ो मोती की माला ,
 अपने और अपनों की खातिर ,
 एक और एक ग्यारह हो जाओ,
 सबको समान अधिकार मिले ,
 शांति और सद्भावना का सबके मन में दीप जलाओ, 
 हम सब एक ही जगदीश्वर के बंदे,
 है मातृभूमि सुंदर परिवेश,
 एक नया विश्वास जगाओ, 
 मिलकर नये कीर्तिमान बनाओ,
 एक और एक ग्यारह हो जाओ।

                        ✍️ डॉ० ऋतु नागर ( मुंबई, महाराष्ट्र )


* सपने टूटना *

जिंदगी की राहों पर चलते हुए हमें आंखें और कान खुले रखने चाहिए क्योंकि बुरा वक्त कब आ जाए किसी को कुछ पता नहीं, वह कब हमारे होठों की हंसी चुरा ले, आंखों में छाई खुशियां छीन ले किसी को नहीं मालूम।
                           मां-बाप सोचते हैं बुढ़ापे का सहारा हमारा बेटा है, वह अंधे की लाठी है। बच्चों की भोली बातों पर जिनकी आंखें मुस्काती हैं, जो आंखें बच्चों का चेहरा पढ़ लेती हैं, जिनकी उपस्थिति से मां-बाप की खुशियों में चार चांद लग जाते हैं, वही बच्चे उनके लिए एक दिन ईद का चांद हो जाते हैं माता-पिता आकाश पाताल एक कर देते हैं उन्हें अच्छी शिक्षा दीक्षा देने में परंतु बच्चे जिस दिन अपने पैरों पर खड़े हो जाते हैं माता-पिता को दूध से मक्खी की तरह निकाल फेंकते हैं। माता-पिता के चेहरे मुरझा जाते हैं, सपने टूट जाते हैं, सर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है।
                          पिता का यह सपना कि एक दिन एक और एक मिलकर ग्यारह होंगे, बेटा कंधे से कंधा मिलाकर सहारा बनेगा, धूल में मिल जाता है।
जिसके जन्म पर वे फूले नहीं समाए थे, जिसे खुश रखने में जिंदगी की सारी कमाई लुटा दी वही एक दिन उनसे नजरें फेर लेते हैं। बूढ़ी मां की आंखें रास्ता देखते-देखते पथरा जाती हैं, अखियां दिन रात बरसती है, चेहरे पर दुख के बादल छा जाते हैं पर बेटे मां-बाप की ओर पलट कर देखते नही। मां-बाप की आंखें खुलती हैं जब घर के चिराग से ही घर को आग लग जाती है परंतु अब पानी पीटने से क्या फायदा ?

                                     ✍️   संध्या शर्मा ( मोहाली, पंजाब )

* मुहावरों की पटरी पर जीवन की गाड़ी *


हिंदी मुहावरों की भी है अजब-गजब दुनिया,
कितनी प्यारी कितनी न्यारी है यह दुनिया।
कभी राधा नौ मन तेल के बिना नही नाचती,
तो कभी कानों में तेल डाल कर बैठ जाती।

 दिल खुश हुआ तो गुलछर्रे उड़ा लिया,
 चैन की बंशी बजाते हुए इलाके की खाक भी छान लिया।
 पेट में चूहे कूदने पर हाथ पाँव फूल जाते हैं,
 झख मारकर लौटकर बुद्धू घर को वापस आते हैं।

हाय ! यह कैसी उल्टी गंगा बह रही,
अक्ल के दुश्मन चांद पर थूकने की कोशिश कर रहे।
बगुला भगत की पांचों उंगलियां घी में हैं  
जो मासूम लोगों को,
नाको चने चबवा कर दिन में तारे दिखा रहे हैं।

आंख के तारे को हाय यह कैसा रोग लग गया,
मूंग दल रहा जन्मदाता की छाती पर और आँखे दिखा रहा है।
अपना उल्लू सीधा करने को गड़े मुर्दे भी उखाड़ रहा है।
जहाँ दाल नहीं गलती पीठ दिखाकर भाग रहा है।

अपने मुंह मियां मिट्ठू बने बेटे के सम्मुख,
जहर का घूँट पीकर दिन-रात आँखों में काट रहे हैं।
अँगारे उगलती उसकी आँखों के सम्मुख,
पीठ दिखा अपना सा मुंह लेकर रह जा रहे हैं |

आज की कलयुगी संतान माता-पिता को चकमा दे,
सब्जबाग दिखला उनकी सम्पत्ति पर गुलछर्रे उड़ा रही है।
शर्म से पानी-पानी माता-पिता की जोड़ी भीगी बिल्ली बन,
प्रलय ढाते सन्तान के सम्मुख मुँह छुपा रही है।

जिसके जन्म पर घी के दिए जलाए थे।
उसी की आँखों में खटकने लगे,
रिश्ते तार-तार हुए जनक को आँखे दिखाने लगे।  
जिसे देख फूला न समाता आकाश चूमने की तमन्ना की जिसके लिए,
उसी के आग बबूला होने पर आँखें पथरा गईं हैं अभी।

सोचा था आँखों का तारा जीवन में चार चांद लगाएगा,
परंतु आँखे पथरा गई जिंदगी अजीर्ण हो गई।
इस चकमेबाज, अक्ल के दुश्मन, चिकने घड़े के कारण
जीवन से खुशी ईद का चांद हो गई।

हिन्दी मुहावरों की पटरी पर जीवन की गाड़ी,
चल रही हिचकोले ले खाक छाने सवारी।
अँकुश रखने को अंग-अंग मुस्काती प्रलय है ढा रही,
रंग-भंग करने को आपे से बाहर हो बिजली चमका रही।

                                        ✍️ निर्मला कर्ण ( राँची, झारखण्ड )



* गरीब के सपने *


कई रातें हो गई सोच-सोचकर,

बूढ़ी अंखियों को नींद ना आई।

घर बैठी जवान लड़की,

हाय ! हाथ पीले करने की चिंता खाई।   

कौन करेगा इस अभागन के हाथ पीले, 

गरीबी ने हैं उसे खाया।   

सुना है ! साहूकार खेत को गिरवी रखकर, 

बड़ी रकम दे रहा है।        

शायद उस रकम से,

उसकी बेटी के हो जाए हाथ पीले।                                    

और रही जो बाकी चीजें,

सोच रहा है वह कि घर में रखें पुराने गहनों को बेच,

नए गहने बनवा लेगा।                               

सारी रात चिंता खाए,

गरीब बूढ़ी अंखियों को कैसे नींद आए ?

जब तक हाथ पीले ना कर दे अपनी जवान बेटी के,              

वह तब तक चैन कैसे पाएं।

लाल चुनर, झुमके, पायल, माथे पर बिंदिया,

और हरी-हरी चूड़ियों से सजी संवरी नई दुल्हन सी,

रोज देखता है वह अपने सपनें में अपनी बिटिया को।            

कब होंगे उस गरीब के सपने पूरे ?

यह सोच-सोच कर जी घबराता है उसका।  

काश ! कर दे वह कन्या दान और पा ले इस जन्म से मुक्ति......।                                     

               ✍️  निर्मला सिन्हा ( राजनांदगाँव, छत्तीसगढ़ ) 




* विवाह *

हाथ पीले करना lucky draw सा,
लग गया तो जीवन glow सा,
या फिर जीवन नर्क सा,
जीवित-मृत देह में, कहाँ कोई फर्क सा।


जीवन जब पीला पड़ता,

पिता तब पुत्री का घर भरता,

कुछ कन्या चढ़ती सूली पर,

कुछ अल्प उम्र में अर्थी पर।


पीला हाथ है बस एक सपना,

रंग-बिरंगा हो घर अपना,

पिता संजोता सपने लाख,

जीवन अपना कर देता खाक।


बचपन से ही कन्या सुनती,

भविष्य की गलती की कटुता ढोती,

ज्यादा पढ़ना अपवाद तो,

ना पढ़े तो जीवन श्राप।


महँगा बड़ा है वर यहाँ,

मोल भाव और छल यहाँ ,

गुण-अवगुण कौन निहारें,

सब को बस "अर्थ" ही प्यारे।


पीले हाथ की लगती बोली,

पीली-पीली सजती डोली,

पीला पड़ जाता घर-आँगन 

बाबुल छोड़ जब जाती, घर साजन।


जीवन अपना दांव लगाती,

हार-जीत सम मानकर जाती,

"अनिश्चित" पथ बढ़ जाती,

"हाथ पीले" जब कन्या करती।


✍️ मंजू शर्मा ( सूरत, गुजरात )





* गिरगिट की तरह रंग बदलना *

 

गिरगिट की तरह रंग बदल रहे,

किस राह पर इंसान चल रहे।


देख मन घबरा रहा,

कैसा समय आ रहा,

इंसान-इंसान को मार रहा,

स्नेह ममता के रूप बदल रहे,

गिरगिट की तरह रंग बदल रहे।


ऋतुएं भी रंग बदलने लगी,

प्रकृति इंसान पर हंसने लगी,

मन में नफरत पनपने लगी,

नकाब में चेहरे छल रहे,

गिरगिट की तरह रंग बदल रहे।


सूर्य प्रचंड रूप दिखा रहा,

क्षितिज का रंग फीका रहा,

पहाड़ भी कहां टिका रहा,

उपजाऊ में, बंजर के दखल रहे,

गिरगिट की तरह रंग बदल रहे।


आदमी कर रहा प्रकृति पर प्रहार,

सृष्टि को सहनी पड़ रही मार,

कहीं भूकंप तो कहीं बाढ़,

स्वयं भी इंसान बिलख रहे,

गिरगिट की तरह रंग बदल रहे। 


नदियां सीमाएं तोड़ रही,

प्रलय से नाता जोड़ रही,

बादलों में फटने की होड़ लग रही,

इंसान स्वयं को खुदा समझ रहे

गिरगिट की तरह रंग बदल रहे।

              

              ✍️ सुनीला गुप्ता ( सीकर, राजस्थान )


🌟 माँ, बच्चों की खुशियों का आधार 🌟

माँ मूर्ति है त्याग की, खान है प्रेम और दया की, माँ ही तो पहचान है, इस सुंदर सृष्टि की। शक्ति का वरदान है माँ, सरस्वती का रूप है, माँ ही इस ...