सोमवार, दिसंबर 19, 2022

🏅अनूठा रिश्ता पानी का...🏅








प्रेम तुम्हारा जैसे सविता और मेरा ज्यों पानी है।
ये जो झरती झर-झर वर्षा, अपनी प्रेम कहानी है।

तुझसे मिलने की चाहत में, क्या नदियां और सागर क्या।
अपने सभी ठिकाने‌ छोड़े, झरने क्या और पोखर क्या।
सबकी नज‌रों से लुक छिपकर, चंचल छोड़ी रवानी है।
ये जो झरती झर-झर वर्षा.......।

न भय तेरे ताप का कुछ भी, न पथ की कठिनाई का।
न अपनी कुछ सुविधा देखी, काम नहीं चतुराई का।
पवन संग ले पंख उड़ी जो, वो मेरी ही जवानी है।
ये जो झरती झर-झर वर्षा.........।

कैसे तुझको मैं छू पाती, दूरी अगणित मील हुई।
तुझसे मिलने की चाहत तो, फिर से चकनाचूर हुई।
बार-बार ठोकर खाकर भी, न माने वो दीवानी है।
ये जो झरती झर-झर वर्षा..........।

जब पीड़ा न थाम सका और, रोकर तड़प उठा ये दिल।
तब मेघों में गरज उठी और, नाहक छलक पड़ा ये दिल।
आंखों से पाकर के रस्ता, बहता खारा पानी है।
ये जो झरती झर-झर वर्षा......।

पा लेने का नाम न केवल, प्रेम नाम बलिदानों का।
शुद्ध समर्पण भाव चाहिए, त्याग भाव अभियानों का।
मेरे प्रेमामृत को पाकर, चूनर धरती की धानी है।
ये जो झरती झर-झर वर्षा.........।

✍️ रश्मि रावत ( गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश )

रविवार, दिसंबर 18, 2022

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय ऑनलाइन 'कलम महान, विशेष पहचान' प्रेरक कार्यक्रम के प्रतिभागी रचनाकार सम्मानित।

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा युवाओं को कलम थामकर उत्कृष्ट लेखन करने की प्रेरणा देने के उद्देश्य से ऑनलाइन 'कलम महान, विशेष पहचान' प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका 'विषय - स्वैच्छिक' रखा गया। इस कार्यक्रम में देश के अलग-अलग राज्यों के रचनाकारों ने भाग लिया। जिन्होंने अपनी कलम से भिन्न-भिन्न विषयों पर आधारित एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट रचनाओं को रचकर तथा कार्यक्रम में प्रस्तुत करके कार्यक्रम की शोभा में चार चाँद लगा दिए और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस कार्यक्रम में नीलम महाजन ( भिवानी, हरियाणा ) और अमृता पुरोहित ( पंचमहल, गुजरात ) की रचनाओं ने समूह का ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया। कार्यक्रम में सम्मिलित सभी प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को ऑनलाइन 'पुनीत प्रेरक ज्योति' सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समूह के संस्थापक एवं अध्यक्ष पुनीत कुमार जी ने युवाओं को कलम के महत्व के बारे में बताते हुए‌ बेकार की चीजों का पीछा छोड़कर कलम थामकर समाज सुधारक उत्कृष्ट लेखन करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में प्रस्तुत की गई रचनाओं पर अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया देकर रचनाकारों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन किया तथा सम्मान पाने वाली सभी प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को उज्ज्वल साहित्यिक जीवन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने रचनाकारों को समूह द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न ऑनलाइन साहित्यिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सादर आमंत्रित भी किया। इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट रचना प्रस्तुत करके समूह की शोभा बढ़ाने वालों में प्रमुख नाम नीलम महाजन, सीमा मोटवानी, अमृता पुरोहित, पूजा आर श्रीवास्तव रचनाकारों के रहे।

शनिवार, दिसंबर 17, 2022

🏆 मेरी कलम, मेरी पहचान 🏆









जब-जब मन ने बांधे बन्धन
राह दिखा फैला गई चन्दन
अल्हड़ प्रेम का किया अभिनन्दन 
तोड़ी चुप्पियां तोड़े क्रन्दन 
उभरी बन मेरी पहचान 
उठाई जो मैंने कलम महान 

मेरी सांसों को खुद में भर
लिखा लहरों पर मेरा पैगाम
अल्फ़ाजों का श्रृंगार कर 
महका दिया मन का गुलिस्ताँ 
पात-पात बोला मेरा पैगाम 
मेरी कलम बन गई मेरी पहचान 

बिखेरने लगी अपने इर्द-गिर्द 
अपने ही ब्रश से अपने ही रंग
बनाने लगी अपना ही आसमां
अपनी ही चाहतों के संग 
मन की मादकता हो गई जवान 
मेरी कलम बन गई मेरा गुमान 
  
✍️ नीलम महाजन ( भिवानी, हरियाणा )
 

शुक्रवार, दिसंबर 16, 2022

🏆 तुम्हारे लिए 🏆








प्रीत का वरण है तुम्हारे लिए
स्नेह का आचरण है तुम्हारे लिए
तुम मुझ में रहो मैं तुझमें रहूँ
ये प्रणय व्याकरण है तुम्हारे लिए
मन का सुंदर सा दर्पण तुम्हारे लिए 
सारा जीवन समर्पण तुम्हारे लिए 
हर दुआ में है रब से बस मांगा तुम्हें
सारी खुशियां हैं अर्पण तुम्हारे लिए
दिल का दिल से गठबंधन तुम्हारे लिए
शुद्ध, निश्चल ये बंधन तुम्हारे लिए
आस्था को मेरी तुम निभाना सदा
सारा मौसम सुहावना तुम्हारे लिए

✍️ पूजा आर श्रीवास्तव ( वाराणसी, उत्तर प्रदेश )

बुधवार, दिसंबर 14, 2022

🏆 खुद संग चलने का हौंसला 🏆












खुद संग चलने का हौंसला
होता मुश्किल है ये फैसला..
पर व्यथित मन के साथ 
संघर्ष नही हो सकता
निर्मित करना पड़ता है
खुद को नये आकार में
रोपित करना पड़ता है
निर्मूल अभिलाषाओं को
गहरी पैठ होती है
घावों के दीमक की
पीड़ाओं का उफनता समंदर 
पार नही लगने देता 
वो तिनका 
जिसमे जिजीविषा
तैरती नजर आती है
पर उत्कंठित मन 
कर इकट्ठा
जूझ अंतरद्वन्द से
जीतना होता है
समय चक्र से लौटना
इसलिए तो
खुद संग चलने का हौंसला
होता मुश्किल है ये फैसला..

✍️ सीमा मोटवानी ( अयोध्या, उत्तर प्रदेश )

🏆 स्त्री है उत्पत्ति का आधार 🏆












स्त्री.............
रेगिस्तान की तपती रेत में,
बहने वाली ठंडी बयार है।
वो स्त्री ही तो है जो इस संसार में,
उत्पत्ति का आधार है।

दुर्गा बनकर करती वह,
दुष्टों का संहार है।
संस्कारों का सृजन करके,
समाज को प्रगति की ओर ले जाती है।
अपनी असीमित क्षमताओं से,
नए ताने-बाने बनाती है।
स्त्री है वह जिसका,
ऋणी सारा संसार है।
वो स्त्री ही तो है जो इस संसार में,
उत्पत्ति का आधार है।

खेल हो या अंतरिक्ष,
हर जगह स्त्री ने परचम लहराया है।
अन्नपूर्णा बनकर लगती वो,
अपने परिवार का दृढ़ साया है।
राष्ट्र प्रगति की धुरी है स्त्री,
वो ही वीरता रूपी तलवार है।
वो स्त्री ही तो है जो इस संसार में,
उत्पत्ति का आधार है।

प्रेम और करुणा की मूरत बनकर,
ममता की छाया देती है।
खुद के सपनों को तिलांजलि देकर,
सारे दुखों को हरती है।
प्रणाम है स्त्री शक्ति को,
नमन है उसकी भक्ति को।
संसार रूपी नाव की वो,
जीती जागती पतवार है।
वो स्त्री ही तो है जो इस संसार में,
उत्पत्ति का आधार है।

स्त्री के अमूल्य योगदान को,
हम कभी भूला नही सकते।
स्त्री के बिना किसी संसार की,
कल्पना हम नही कर सकते।
साहस और शौर्य की प्रतिमा है स्त्री,
जिसके समक्ष नतमस्तक सारा संसार है।
वो स्त्री ही तो है जो इस संसार में,
उत्पत्ति का आधार है।

✍️ अमृता पुरोहित ( पंचमहल, गुजरात )

शनिवार, दिसंबर 10, 2022

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय ऑनलाइन सिनेमा विशेष साहित्यिक महोत्सव के प्रतिभागी रचनाकार सम्मानित।

पुनीत अनुपम साहित्यिक समूह द्वारा सिनेमा के महत्व तथा उपयोगिता का अहसास लोगों को करवाने के उद्देश्य से ऑनलाइन सिनेमा विशेष साहित्यिक महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसका 'विषय - ऐच्छिक फिल्मी नाम' रखा गया। इस महोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों के रचनाकारों ने भाग लिया। जिन्होंने दिए गए विषय पर आधारित एक से बढ़कर एक उत्कृष्ट रचनाओं को प्रस्तुत कर महोत्सव की शोभा में चार चाँद लगा दिए और महोत्सव को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस महोत्सव में एक ओर जहां वरिष्ठ रचनाकारों ने अपनी विशिष्ट साहित्यिक शैली का प्रदर्शन किया तो दूसरी ओर समूह से जुड़े नवीन रचनाकारों ने भी अपनी अनूठी रचनाओं से समूह का ध्यान आकर्षित किया। महोत्सव में सम्मिलित सभी प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को ऑनलाइन 'पुनीत साहित्य ज्योति' सम्मान देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समूह के संस्थापक एवं अध्यक्ष पुनीत कुमार जी ने सिनेमा के महत्व व विशेषता के बारे में बताते हुए‌ कहा कि सिनेमा मनोरंजन के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने का महत्वपूर्ण साधन है। यदि सिनेमा जैसे सशक्त साधन का ठीक ढंग से प्रयोग किया जाए तो यह समाज के लिए बहुत उपयोगी सिद्ध हो सकता है। इसके साथ ही उन्होंने महोत्सव में प्रस्तुत की गई रचनाओं पर अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया देकर रचनाकारों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्धन किया तथा सम्मान पाने वाली सभी प्रतिभागी रचनाकार शख्सियतों को उज्ज्वल साहित्यिक जीवन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने समूह द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न ऑनलाइन कार्यक्रमों में लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सादर आमंत्रित भी किया। इस महोत्सव में उत्कृष्ट रचना प्रस्तुत करके समूह की शोभा बढ़ाने वालों में प्रमुख नाम कल्पना यादव, सीमा मोटवानी, दीप्ति शर्मा दीप रचनाकारों के रहे।

🌟 माँ, बच्चों की खुशियों का आधार 🌟

माँ मूर्ति है त्याग की, खान है प्रेम और दया की, माँ ही तो पहचान है, इस सुंदर सृष्टि की। शक्ति का वरदान है माँ, सरस्वती का रूप है, माँ ही इस ...